Jhajjar News – एच.डी. पब्लिक स्कूल, बिरोहड़ के संस्कार सभागार में नवंबर माह में होने वाली विद्यार्थी विज्ञान मंथन (वीवीएम) परीक्षा को लेकर विशेष काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन सेमीनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थी विज्ञान मंथन के स्टेट कोऑर्डिनेटर एवं जीजेयू हिसार के असिस्टेंट प्रोफेसर विवेक गुप्ता तथा विज्ञान भारती हिसार के सुपरिटेंडेंट एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. हरदेव सिंह ने विद्यार्थियों को वीवीएम परीक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को परीक्षा के स्वरूप, प्रश्नों के प्रकार तथा नवंबर में होने वाली परीक्षा की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण टिप्स बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, विषय की मूलभूत अवधारणाओं को समझने, विज्ञान एवं भारतीय वैज्ञानिकों से संबंधित जानकारी बढ़ाने तथा परीक्षा के लिए योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। दोनों विशेषज्ञों ने अपने 20 वर्षों से अधिक के अनुभव को विद्यार्थियों के साथ साझा किया।
सेमीनार के दौरान विद्यार्थियों ने वीवीएम परीक्षा की तैयारी, परीक्षा पैटर्न, प्रश्नों एवं अन्य विषयों को लेकर अनेक प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर विवेक गुप्ता ने विद्यालय का भ्रमण भी किया तथा एच.डी. विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। डॉ. हरदेव सिंह ने भी विद्यार्थियों को विद्यार्थी विज्ञान मंथन से मिलने वाले शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक अवसरों के बारे में बताया।
विद्यालय निदेशक बलराज फौगाट ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा एवं नवाचार की भावना को विकसित करने में सहायक होते हैं। प्राचार्या नमिता दास एवं उप प्राचार्य नवीन सनसनवाल ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के विज्ञान एवं गणित विषय के शिक्षक भी उपस्थित रहे।
Read More….
