Charkhi Dadri News -हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार नगर परिषद कार्यालय चरखी दादरी में सफाई कर्मचारियों के लिए बुधवार से तीन दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पालका ने शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अधिकारों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई।
ईश्वर सिंह पालका ने कहा कि आयोग का गठन सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए किया गया है। सफाई कर्मचारी स्वच्छ भारत मिशन और समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो अपनी परवाह किए बिना दिन-रात शहरों और गांवों को स्वच्छ रखने का कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार और आयोग सफाई कर्मचारियों व उनके परिवारों के कल्याण, सुरक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे काम की व्यस्तता के बीच अपने स्वास्थ्य की अनदेखी न करें और तीन दिवसीय शिविर में अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य करवाएं। उन्होंने कर्मचारियों को अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने और खेलों में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि आयोग की ओर से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा।
चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलना उनका अधिकार है। किसी भी सफाई कर्मचारी को बिना सुरक्षा उपकरणों के सीवर या अन्य जोखिमपूर्ण कार्य में नहीं उतारा जाना चाहिए। यदि कोई अधिकारी, ठेकेदार या दरोगा बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करने का दबाव बनाता है तो कर्मचारी उसका विरोध करें और इसकी लिखित शिकायत आयोग को भेजें। आयोग ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई करेगा।
उन्होंने कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि न हो। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाएं, ताकि वे उच्च पदों पर पहुंचकर समाज और देश की प्रगति में योगदान दे सकें। यदि किसी कर्मचारी के बच्चे की पढ़ाई में कोई समस्या आती है तो आयोग उसकी सहायता के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर में सफाई कर्मचारियों के एलएफटी, ब्लड प्रेशर, शुगर, एक्स-रे, सीबीसी तथा टीबी सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण नि:शुल्क किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य समय रहते बीमारियों का पता लगाकर उचित उपचार उपलब्ध करवाना है।
इस दौरान आयोग की टीम ने सफाई कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं और वेतन, ईएसआई, मेडिकल सुविधाओं, सुरक्षा उपकरणों तथा अवकाश से जुड़े मुद्दों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर हरियाणा सफाई आयोग के वाइस चेयरमैन भारत भूषण टांक, सफाई आयोग के सदस्य जितेन्द्र, नगर परिषद चेयरमैन बक्सी राम सैनी, वाइस चेयरमैन संदीप फौगाट, पार्षद विनोद वाल्मीकि, डीडीपीओ प्रमोद कुमार, बीडीपीओ अंकित मेहता, नगर परिषद सचिव गौरव शर्मा, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष बलराज, जिला महामंत्री ललित ग्रेवाल, जिला सफाई कर्मचारी यूनियन प्रधान सूरज सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
Read More News……
चरखी दादरी में दिन-दहाड़े चोरी! पुत्रवधू को बेहोश कर चोरों ने लूटा पूरा घर
