Charkhi Dadri News – इनेलो जिला चरखी दादरी की ओर से स्थानीय झाड़ू चौक स्थित पार्टी कार्यालय में जिला स्तरीय युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में रानियां के विधायक अर्जुन सिंह चौटाला एवं युवा इनेलो प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठी ने मुख्य रूप से शिरकत की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के साथ दोनों नेताओं का स्वागत किया। सम्मेलन में युवाओं की भागीदारी और संगठन के प्रति उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान महिला जिला प्रधान इंदू बाला फोगाट के नेतृत्व में बबली कलियाणा, विकास वाल्मीकि, प्रवेश वाल्मीकि, सागर वाल्मीकि सहित वाल्मीकि बस्ती, कबीर बस्ती और रविदास बस्ती के दर्जनों युवाओं ने इनेलो की नीतियों एवं संगठनात्मक विचारधारा में विश्वास जताते हुए पार्टी का दामन थामा। विधायक अर्जुन सिंह चौटाला एवं युवा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठी ने पार्टी में शामिल हुए सभी युवाओं को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर इंदू बाला फोगाट ने कहा कि जिला चरखी दादरी में युवाओं और महिलाओं को संगठन के साथ जोड़ने तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के युवाओं को उचित सम्मान, भागीदारी और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने पार्टी में शामिल हुए युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल किसी राजनीतिक संगठन से जुड़ने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के हितों, युवाओं के अधिकारों और जनसमस्याओं को मजबूती से उठाने की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी युवा आपसी भाईचारे, एकजुटता और संगठनात्मक अनुशासन के साथ जनहित के कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
सम्मेलन में विधायक अर्जुन सिंह चौटाला, युवा इनेलो प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठी, जिला अध्यक्ष सुबे सिंह अटेला और युवा जिला अध्यक्ष बबलू श्योराण ने युवाओं को संगठन की मजबूती का आधार बताते हुए उनसे सामाजिक एकता, जनसेवा और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी में शामिल हुए युवाओं का स्वागत करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
Read More News……
