Charkhi Dadri News – यादव सभा चरखी दादरी की ओर से स्थानीय चरखी गेट स्थित यादव धर्मशाला में रेजांगला शौर्य दिवस श्रद्धा, सम्मान एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रधान महावीर यादव एवं महासचिव रामरूप यादव कमोद ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल रामफल यादव ने शिरकत की। इस अवसर पर रेजांगला युद्ध में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देने वाले शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित कर उनके बलिदान को नमन किया गया।
यादव सभा के प्रेस सचिव राजेश नंबरदार पैंतावास खुर्द ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8:30 बजे हवन-यज्ञ के साथ हुआ। इसके उपरांत सुबह 10 बजे रेजांगला के रणबांकुरों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया गया। मंच संचालन सभा के कोषाध्यक्ष संजय यादव ने किया।
प्रधान महावीर यादव एवं महासचिव रामरूप यादव कमोद ने कहा कि रेजांगला का युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास में अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का ऐसा स्वर्णिम अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। विषम परिस्थितियों में भी भारतीय सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए जिस अद्वितीय पराक्रम और वीरता का परिचय दिया, वह प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र की आत्मा और आने वाली पीढ़ियों के चरित्र निर्माण की प्रेरणा है। शहीदों का सम्मान केवल किसी विशेष दिवस पर पुष्प अर्पित करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके त्याग, साहस, अनुशासन और देशभक्ति के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। समाज को अपने वीर सपूतों के बलिदान और उनके परिवारों के त्याग को सदैव याद रखना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने वर्ष 1962 के रेजांगला युद्ध की वीरगाथा पर विस्तार से प्रकाश डाला और भारतीय सैनिकों के अद्भुत रणकौशल एवं अदम्य मनोबल को याद किया। इस अवसर पर युद्ध के एकमात्र जीवित सैनिक 92 वर्षीय कप्तान नंद किशोर यादव, निवासी भागेश्वरी, को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को भावनात्मक एवं गौरवपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सीमाओं की सुरक्षा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कप्तान दलीप सिंह जावा, सूबेदार सोमबीर शर्मा, सूबेदार घासी राम, राजेन्द्र सरपंच पालड़ी, पूर्व सरपंच रामकुमार मिसरी, डा. विरेन्द्र सिंह, बबलू यादव गुड़ाना, मनोज यादव मिसरी, मा. दलबीर सांगवान पैंतावास, चांदसिंह चांगरोड़, सोमबीर बरसाना, डा. राजपाल बालरोड़, सूबेदार लाल सिंह रामनगर, बलबीर सिंह यादव दादरी, सूबेदार सुमेर सिंह कोच, मंगल सिंह आदि का विशेष सहयोग रहा।
Read More News…..
