Jhajjar News – बिरोहड़ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चित्रकला एवं पेंटिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विषयों पर सुंदर एवं आकर्षक चित्र बनाए तथा विद्यालय परिसर में उनकी प्रदर्शनी लगाई गई प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले व प्रतिभागी विद्यार्थियों को विद्यालय की तरफ से ईनाम देकर सम्मानित किया गया ।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों में प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता, देशभक्ति एवं मानवीय मूल्यों से संबंधित विभिन्न विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से समाज के प्रति अपने सेवा भाव एवं सकारात्मक सोच को दर्शाया ।
विद्यालय के ड्राइंग शिक्षक कृष्ण कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि चित्रकला बच्चों की रचनात्मक सोच, कल्पनाशक्ति और अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को कला के माध्यम से सामाजिक एवं पर्यावरणीय विषयों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया ।
विद्यालय के कार्यक्रम प्रभारी हरिओम शास्त्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं ।
विद्यालय के आई.टी. विभागाध्यक्ष मुकेश कुमार ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया तथा विद्यार्थियों की रचनात्मक गतिविधियों को डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत करने में योगदान दिया।
विद्यालय के निदेशक बलराज फौगाट, प्राचार्या नमिता दास एवं उपप्राचार्य नवीन सनसनवाल ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों एवं पेंटिंग का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों की कला, रचनात्मकता और सामाजिक चेतना को विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
विद्यालय प्रबंधन ने चित्रकला प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों और आयोजन से जुड़े शिक्षकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
Read More …
चरखी दादरी: लाम्बा गांव के रास्ते का मुद्दा, सरपंच और ग्रामीणों से सीधी बातचीत
