Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri News – बौंद कलां में सेवा सेतु कैंप, 25 विभागों ने लगाए स्टॉल; 250 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

Charkhi Dadri News – हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत दादरी विधानसभा के गांव बौंद कलां स्थित ग्राम सचिवालय में सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलवाना तथा सहायता प्रदान करना रहा। सेवा सेतु कैंप में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान लगभग 250 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।

Charkhi Dadri News


सेवा सेतु कैंप में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष राष्ट्र दीप परमार उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने सेवा सेतु कैंप के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को सरकार की योजनाओं से सीधे जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।


उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन के नजदीक पहुंचाना है, ताकि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कैंप में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।


कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा ने भी विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंप में आने वाले नागरिकों की समस्याओं एवं आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।


सेवा सेतु कैंप में बिजली विभाग के एसडीओ अनुराग ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में रूफटॉप सोलर संयंत्र लगवाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा पात्र परिवारों को सोलर संयंत्र स्थापित करवाने पर सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।


उन्होंने बताया कि अंत्योदय परिवारों को केंद्र सरकार की ओर से 2 किलोवाट क्षमता का सौर संयंत्र स्थापित करवाने पर 60 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है। राज्य सरकार द्वारा परिवार पहचान पत्र में 1 लाख 80 हजार रुपए तक की आय के आधार पर तथा निर्धारित 2400 यूनिट वार्षिक बिजली खपत के अनुसार 60 हजार रूपए की सब्सिडी दी जाती है। उन्होंने बताया कि पात्र परिवारों को निर्धारित शर्तों के अनुसार कुल मिलाकर लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये तक की सब्सिडी का लाभ मिल सकता है। वहीं 3 किलोवाट क्षमता के सौर संयंत्र पर केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है।


एसडीओ अनुराग ने बताया कि सौर संयंत्र स्थापित करवाने के लिए बैंकों द्वारा न्यूनतम ब्याज दरों पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों को योजना का लाभ उठाने के लिए अधिक से अधिक आवेदन करने के लिए प्रेरित किया।


रूफटॉप सोलर के लिए इन दस्तावेजों की होगी आवश्यकता


उन्होंने बताया कि रूफटॉप सोलर संयंत्र लगवाने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, बिजली बिल, परिवार पहचान पत्र, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, आवेदक का फोटो, स्वामित्व प्रमाण पत्र तथा जीपीएस लोकेशन के साथ छत की फोटो सहित दस्तावेजों की जरूरत होगी।


सेवा सेतु कैंप में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को सामाजिक सुरक्षा, कल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास सहित अन्य विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई। सेवा सेतु कैंपों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को सरल और सुगम तरीके से आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है।


29 सितंबर को रानीला महाग्राम में लगेगा सेवा संकल्प कैंप


सेवा संकल्प अभियान के तहत 29 सितंबर कल को रानीला महाग्राम में सेवा संकल्प कैंप आयोजित किया जाएगा। ग्रामीण इस कैंप में पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी लेने के साथ-साथ पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर नगर परिषद चेयरमैन बख्शी राम सैनी, बीडीपीओ अंकित मेहता, जिला कल्याण अधिकारी नरेंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी जितेंद्र सिंह, एससीपीओ विकास राणा, टीडब्ल्यूओ कविराज सांगवान व सुशील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा ग्रामीण मौजूद रहे।

Read More...

Charkhi Dadri News – बलकरा में विश्वकर्मा समाज की बैठक, मेधावी विद्यार्थियों व प्रतिभावान खिलाड़ियों को किया जाएगा सम्मानित

चरखी दादरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई!…

Popular Articles