Charkhi Dadri News – चरखी दादरी जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने स्वास्थ्य बीमा क्लेम से जुड़े मामले में निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी को उपभोक्ता अमित का 1,75,359 रुपये का मेडिकल क्लेम अदा करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने क्लेम राशि पर 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज, मानसिक परेशानी व उत्पीड़न के लिए 10 हजार रुपये मुआवजा और 5,500 रुपये मुकदमे का खर्च देने का भी आदेश दिया है।
गांव सिसवाला निवासी अमित ने दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज पर हुए खर्च की प्रतिपूर्ति के लिए बीमा कंपनी के पास क्लेम प्रस्तुत किया था। अमित 18 अप्रैल 2025 को गुड़ाना मोड़ (झोझू) के पास मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा था, तभी एक पिकअप डाला ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी सर्जरी की गई और 20 अप्रैल से 26 अप्रैल तक उपचार चला।
अमित ने अस्पताल और दवाइयों के खर्च के लिए बीमा क्लेम किया था, लेकिन बीमा कंपनी ने शराब सेवन और नशे से संबंधित पॉलिसी की शर्त का हवाला देते हुए क्लेम खारिज कर दिया। इसके बाद अमित ने जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग में शिकायत दायर की।
मामले की सुनवाई के दौरान आयोग ने पाया कि बीमा कंपनी अमित के शराब के नशे में होने के आरोप को साबित करने के लिए कोई ब्लड अल्कोहल टेस्ट, टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट या स्वतंत्र मेडिकल साक्ष्य पेश नहीं कर पाई। वहीं, पुलिस रिकॉर्ड और मेडिकल दस्तावेजों में भी शराब के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई।
आयोग ने बीमा कंपनी की ओर से क्लेम खारिज करने को अनुचित मानते हुए निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी को 1,75,359 रुपये क्लेम राशि 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित, 10 हजार रुपये मुआवजा और 5,500 रुपये मुकदमे के खर्च का भुगतान करने का आदेश दिया।
आयोग ने आदेश की पालना के लिए 45 दिन का समय दिया है। निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर पूरी अवार्ड राशि पर देरी की अवधि के लिए 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने के निर्देश दिए हैं।
जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष मनजीत सिंह नरयाल ने 18 नवंबर 2026 को यह आदेश सुनाया।
Read More News……
चरखी दादरी के सुखपाल फौगाट की चमकी किस्मत! शिखर धवन की टीम दिल्ली रॉयल्स ने खरीदा
Charkhi Dadri News – सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य व सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा : ईश्वर सिंह पालका
