Charkhi Dadri News – जिले में नशीले पदार्थों के सेवन एवं तस्करी पर रोक लगाने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चरखी दादरी पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार पी. (IPS) के कड़े निर्देशों पर वीरवार को थाना बौंदकलां पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड टीम के साथ गांव बौंदकलां में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
थाना बौंदकलां प्रभारी निरीक्षक सुलतान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और डॉग स्क्वॉयड ने गांव स्थित चांदू दास मंदिर के पास तथा राजकीय स्कूल के नजदीक खंडहरनुमा स्थानों पर गहन जांच एवं तलाशी अभियान चलाया। इन स्थानों पर पूर्व में आवारा एवं नशे का सेवन करने वाले व्यक्तियों के बैठने की सूचनाएं सामने आई थीं, जिसके चलते पुलिस ने इन जगहों को विशेष रूप से चेक किया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम ने डॉग स्क्वॉयड की मदद से संदिग्ध स्थानों और ठिकानों की बारीकी से जांच की। हालांकि, तलाशी के दौरान मौके से कोई नशीला पदार्थ या अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि इन स्थानों पर निगरानी और चेकिंग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को पनपने का अवसर न मिले।
थाना बौंदकलां प्रभारी निरीक्षक सुलतान सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के प्रति पुलिस का रुख पूरी तरह सख्त है। जिले में नशे की बिक्री, तस्करी और सेवन से जुड़ी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से की सहयोग की अपील
चरखी दादरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करें। अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, नशीले पदार्थों की बिक्री, सेवन या अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Read More News…..
चरखी दादरी के जनता कॉलेज में MY भारत का युवा कार्यक्रम, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
