Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri News – दादरी के 6 गांवों को मिली 95.26 करोड़ रुपये की सौगात, नहरी पानी संग्रहण वाटर वर्क्स का उद्घाटन

Charkhi Dadri News – चरखी दादरी जिले के छह गांवों को पेयजल व्यवस्था के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को जिले के छह गांवों में लगभग 95 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से तैयार नहरी पानी संग्रहण वाटर वर्क्स परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सुनील सतपाल सांगवान ने उद्घाटन की सभी औपचारिकताएं पूरी कीं।

विधायक सुनील सतपाल सांगवान ने कहा कि सरकार और प्रशासन का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। सरकार द्वारा बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जर्जर सड़कों के नवीनीकरण और नए संपर्क मार्गों के निर्माण को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम हो सके।

उन्होंने कहा कि हर घर नल से जल पहुंचाने की योजना के तहत अधिकांश गांवों में कार्य पूरा हो चुका है। इसी कड़ी में दादरी हलके के छह गांवों में नहरी पानी संग्रहण के लिए वाटर वर्क्स जनता को समर्पित किए गए हैं। इन परियोजनाओं पर कुल 95 करोड़ 26 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

इन छह गांवों में हुआ परियोजनाओं का उद्घाटन

विधायक ने बताया कि बोंद कलां में 69 करोड़ 70 लाख रुपये, उण गांव में 2 करोड़ 60 लाख रुपये, फोगाट में 5 करोड़ 65 लाख रुपये, मोरवाला में 4 करोड़ 86 लाख रुपये, कमोद में 7 करोड़ 68 लाख रुपये तथा फतेहगढ़ में 4 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत से नहरी पानी संग्रहण वाटर वर्क्स तैयार किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आमजन को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने और क्षेत्र के चहुंमुखी विकास को गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, सड़कों के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, जल निकासी, सामुदायिक भवनों और गलियों के निर्माण सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।

विधायक ने बताया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी परियोजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंच सके।

कार्यक्रम में उपायुक्त मनदीप कौर, सीईओ जिला परिषद विजेंदर हुड्डा, सीटीएम सुरेश कुमार, नगर परिषद वाइस चेयरमैन संदीप फोगाट, जिला अध्यक्ष राष्ट्रदीप परमार, जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा, कार्यकारी अभियंता सोहनलाल, पार्षद कुलदीप सैनी, विनोद वाल्मीकि, परवीन सैनी सहित अन्य पार्षद एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


सीएम विंडो और एसएमजीटी की शिकायतों का प्राथमिकता से करें निस्तारण : डीसी मनदीप कौर

आईएएस अधिकारी डीके बेहरा ने वीसी के माध्यम से की जनशिकायतों की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश

Charkhi Dadri News –आमजन की समस्याओं और शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दिशा में मुख्यालय से आईएएस अधिकारी डीके बेहरा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीएम विंडो, सोशल मीडिया ग्रीवेंस ट्रैकर (एसएमजीटी) और अन्य जनशिकायत माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

वीसी के बाद उपायुक्त मनदीप कौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की ओर से दर्ज करवाई जाने वाली शिकायतों पर केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि उनका जमीनी स्तर पर ठोस और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागों को सीएम विंडो और एसएमजीटी पर प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट अपडेट करने को कहा।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी या किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में समय पर कार्रवाई नहीं होगी अथवा गुण-दोष के आधार पर स्पष्टीकरण की आवश्यकता होगी, उनमें संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं से जुड़े मामलों में फील्ड स्तर पर आपसी समन्वय बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान इस प्रकार किया जाए कि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई और समाधान की स्थिति के बारे में समय पर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।

उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निर्धारित समय में निपटारा करें, ताकि आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हो सके।

Read More News….

चरखी दादरी के जनता कॉलेज में MY भारत का युवा कार्यक्रम, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

Charkhi Dadri News – अवैध देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस सहित युवक गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

Popular Articles