Charkhi Dadri News – नवनिर्मित बाल भवन परिसर के सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय बाल महोत्सव का रंगारंग आगाज हुआ। इस दौरान स्कूली बच्चों ने विभिन्न विद्याओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उपायुक्त एवं बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष मनदीप कौर ने महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने बच्चों के द्वारा बनाई गई कलाचित्रों व पोस्टर मेकिंग, कार्ड मेकिंग आदि का निरीक्षण किया। बच्चों के कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि आज के बच्चे देश का भविष्य है जो इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी कल्पना को साकार करेंगे। बच्चे किसी भी राष्ट्र की सबसे अमूल्य धरोहर और भविष्य की नींव होते हैं। शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बच्चों के समग्र विकास के लिए कला, खेल और नैतिक मूल्यों का होना भी उतना ही आवश्यक है।
बाल महोत्सव जैसे मंच बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने का कार्य करते हैं। हमारा कर्तव्य है कि हम हर बच्चे को सुरक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करें।
उपायुक्त ने बच्चों से लगन, ईमानदारी और अनुशासित रहकर अपने सपनों को पूरा करने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे बच्चों को एक सकारात्मक वातावरण दें, जिससे वे देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
जिला बाल कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आज बाल महोत्सव शुभारंभ हुआ है और इस दौरान स्केच ऑन द स्पॉट, पोस्टर मेकिंग, थाली कलश सजावत, कार्ड मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, रंगोली, दीया सजावट आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग विभिन्न स्कूलों के 300 से भी अधिक बच्चों ने भाग लिया। बाज महोत्सव के तहत आगामी 24 अक्टूबर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान मंडल बाल कल्याण अधिकारी अनिल मलिक, डीपीओ महिला एवं बाल विकास विभाग सुशीला व डीईओ धर्मेन्द्र सिंह सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के अध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मंगलवार 27 अक्टूबर को होगी कष्ट निवारण समिति की बैठक
सहकारिता एवं जेल मंत्री डॉ अरविंद शर्मा करेंगे अध्यक्षता
चरखी दादरी, 21 अक्टूबर। उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि 27 अक्टूबर को दोपहर बाद 3.30 बजे कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
उन्होंने बताया कि कुल 11 परिवाद इस बैठक में रखे जाएंगे, जिनमें से 9 पुराने व 2 नए परिवाद होंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि कष्ट निवारण समिति की बैठक को लेकर सभी अधिकारी अपनी तैयारी मुकम्मल कर बैठक में निर्धारित समय पर पहुंचना सुनिश्चित करें।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मिलेंगेे राज्य स्तरीय पुरस्कार
5 नवंबर तक किए जा सकते हैं ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन
विभिन्न श्रेणियों में मिलेगा नकद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र
चरखी दादरी, 21 अक्टूबर। हरियाणा सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों के माध्यम से समाज में महिलाओं की उपलब्धियों को पहचान देने के साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिसूचना के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें सुषमा स्वराज पुरस्कार के तहत 5 लाख रुपये व प्रशस्ति पत्र, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के तहत 1 लाख 50 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र तथा कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार और बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के तहत एक-एक लाख रुपये व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि लाइफ टाइम अचीवर्स अवार्ड के तहत 51 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त सरकारी कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता और महिला उद्यमी श्रेणियों में चयनित महिलाओं को 10-10 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कारों के लिए इच्छुक पात्र महिलाएं 5 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन केवल विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। डाक, कोरियर या किसी अन्य ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उपायुक्त ने पात्र महिलाओं से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करें तथा आवेदन करने से पहले विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों और पात्रता संबंधी शर्तों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें।
Read More….
