Charkhi Dadri News – उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जिला के नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्रों में अवैध रूप से किए जा रहे निर्माणों व कॉलोनियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से तोड़-फोड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत दादरी-लोहारू रोड पर स्थित गांव भैरवी में लगभग 3 एकड़ में फैली अवैध कॉलोनी में 7 डीपीसी और कच्चे रास्तों के नेटवर्क को ध्वस्त किया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिला में अवैध निर्माण एवं अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा तथा किसी भी सूरत में अवैध निर्माण को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे अपने जीवन की गाढ़ी कमाई को किसी भी अवैध निर्माण या कॉलोनी में निवेश न करें। जिला प्रशासन द्वारा ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इस तोडफ़ोड़ अभियान के दौरान जिला नगर योजनाकार कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद व ड्यूटी मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे। वहीं, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
जिला नगर योजनाकार की अपील:
जिला नगर योजनाकार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रॉपर्टी डीलरों या भू-मालिकों द्वारा काटी जा रही अवैध कॉलोनियों के बहकावे में न आएं, क्योंकि विभाग द्वारा समय-समय पर तोड़-फोड़ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपनी पूंजी का निवेश करने से पहले किसी भी कार्य दिवस में जिला नगर योजनाकार कार्यालय में आकर भूमि/कॉलोनी के संदर्भ में आवश्यक जानकारी एवं पूछताछ अवश्य कर लें।
Read more…
