Charkhi Dadri News – जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में भारतीय कबड्डी टीमों ने पुरुष एवं महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इस ऐतिहासिक सफलता में चरखी दादरी जिले की धरती से निकले दो होनहार खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष टीम में गांव आदमपुर निवासी सुमित सांगवान तथा महिला टीम में गांव काकड़ौली हट्टी की बेटी एवं बिलावल गांव की बहू रितू श्योराण भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
इसी गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में गांव हंसावास कलां में राष्ट्रीय खिलाड़ी रितू श्योराण के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। समारोह का आयोजन झोझू व्यापार मंडल के प्रधान नरेश ठेकेदार एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। इस दौरान रितू श्योराण का फूल-मालाओं एवं पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में जिले के कबड्डी खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले प्रशिक्षकों का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर कोच अनूप चंदेनी, नवीन हंसावास खुर्द, पवन धनासरी, दीपक झोझू खुर्द तथा मनोज राजस्थान को फूल-माला एवं पगड़ी पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
झोझू व्यापार मंडल के प्रधान नरेश ठेकेदार ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत केवल पदक तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उनकी सफलता पूरे समाज में नई ऊर्जा और नई उम्मीद पैदा करती है। दादरी की धरती ने हमेशा देश को प्रतिभावान खिलाड़ी दिए हैं और आज सुमित सांगवान व रितू श्योराण ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिले का नाम रोशन कर यह साबित किया है कि गांवों की मिट्टी में भी विश्व स्तरीय प्रतिभा मौजूद है। उन्होंने खेल प्रेमियों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों के लिए भी प्रोत्साहित करें और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग दें। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी को पदक जीतने के बाद सम्मान देना जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक जरूरी है कि उसके संघर्ष के दिनों में उसका हौसला बढ़ाया जाए। इसी उद्देश्य से विजेता खिलाड़ी सुमित सांगवान का भी सम्मान समारोह 30 सितम्बर बुधवार को गांव आदमपुर डाढ़ी में किया जाएगा।
एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के महासचिव एवं रितू श्योराण के पति नसीब जांघू ने बताया कि एशियन गेम्स-2026 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने ईरान को 37-34 से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुष टीम ने ईरान को 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने कहा कि दोनों टीमों की यह सफलता देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। समारोह में मास्टर संदीप झोझू खुर्द, बबलू फौजी झोझू खुर्द, योगेश ठेकेदार कलाली, हंसराज झोझू खुर्द सहित अनेक खेल प्रेमी एवं ग्रामीण मौजूद रहे
Read More..
चरखी दादरी पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन!
Charkhi Dadri News – आदर्श विद्यालय नांधा में शहीद भगत सिंह जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम
