Charkhi Dadri News – श्री कृष्णा गौ सेवा सदन में आयोजित श्री गणेश महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के रंग में रंग गया। गणेश जी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिला संकीर्तन मंडल द्वारा कुआं पूजन के साथ भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा वातावरण गणपति बप्पा के जयकारों और भक्ति रस से सराबोर हो गया।कार्यक्रम में श्री कृष्ण सेवादल के प्रधान शिवकुमार ने महोत्सव में पहुंचे अतिथियों का स्वागत किया तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में गोभक्त एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। श्री कृष्णा गौ सेवा सदन के महासचिव रामफल शर्मा ने बताया कि 25 सितंबर को प्रातः हवन-यज्ञ एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात विधि-विधान से श्री गणेश जी महाराज की पूजा-अर्चना एवं परिक्रमा कर प्रतिमा को गौशाला परिसर में सम्मानपूर्वक स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां स्थापित होने वाले श्री गणेश जी महाराज के दर्शन श्रद्धालु भक्तों के लिए उपलब्ध रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सनातन परंपरा, आस्था और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता, बुद्धि और मंगल के देवता हैं। उनके प्रति सच्ची श्रद्धा केवल पूजा तक सीमित नहीं, बल्कि प्रकृति और जलस्रोतों की रक्षा में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिमाओं को जलाशयों में विसर्जित करने से कई बार जल की गुणवत्ता तथा जलजीवों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में मिट्टी अथवा अन्य सामग्री से बनी प्रतिमाओं को जल में विसर्जित करने के स्थान पर सम्मानपूर्वक मंदिर, गौशाला या अन्य धार्मिक स्थल पर स्थापित रखने का विकल्प अपनाया गया है। इससे धार्मिक भावना भी बनी रहेगी और जलस्रोतों की स्वच्छता की रक्षा भी होगी।
सनातन धर्म प्रचार समिति से पंडित रोहतास पुजारी ने कहा कि सनातन संस्कृति सदैव प्रकृति के सम्मान की प्रेरणा देती रही है। जल को देवतुल्य मानने वाली संस्कृति में जल को प्रदूषण से बचाना भी हमारी जिम्मेदारी है। गणेश महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज को भक्ति के साथ सेवा, संस्कार, सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का अवसर है।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारों के साथ धार्मिक आयोजन में सहभागिता की तथा भगवान श्री गणेश से परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
Read More…

