Charkhi Dadri News – सफलता केवल मंजिल तक पहुंचने का नाम नहीं, बल्कि उस विश्वास को जिम्मेदारी में बदलने का अवसर भी है, जो लोग किसी युवा पर जताते हैं। इसी संदेश के साथ शनिवार को चरखी दादरी में रामजस कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा अम्बिका फोगाट के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। छात्र संघ चुनाव में केंद्रीय पार्षद के पद पर जीत हासिल करने पर अम्बिका का महाराजा होटल, नगर परिषद के निकट चरखी दादरी में आयोजित समारोह में फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर खाप फोगाट की ओर से प्रधान सुरेश फोगाट, सचिव एवं पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप फोगाट तथा अधिवक्ता रविन्द्र फोगाट ने अम्बिका को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में अध्ययन करते हुए विद्यार्थियों का विश्वास हासिल कर छात्र प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी प्राप्त करना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह उपलब्धि अम्बिका के परिश्रम, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
अम्बिका फोगाट चरखी दादरी के लोहारू रोड़, इंडियन बैंक के पीछे, नजदीक कैम्ब्रिज प्ले स्कूल, रामनारायण विहार कॉलोनी, वार्ड नम्बर 17, चरखी दादरी निवासी अमन फोगाट की पुत्री तथा धरमवीर सिंह फोगाट और सुरेंद्र फोगाट की पौत्री हैं। वह वर्तमान में रामजस कॉलेज में बीए ऑनर्स पॉलिटिकल साइंस द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। छात्र संघ चुनाव में विद्यार्थियों का समर्थन प्राप्त कर उन्होंने केंद्रीय पार्षद के पद पर जीत दर्ज की। उनकी इस सफलता ने न केवल परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि शिक्षा के साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करने वाले युवा समाज में सकारात्मक भूमिका निभा सकते हैं। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि चुनाव जीतना उपलब्धि का अंत नहीं, बल्कि जिम्मेदारी की शुरुआत है।
विद्यार्थियों ने जिस विश्वास के साथ अम्बिका को अपना प्रतिनिधि चुना है, अब उस विश्वास को छात्रहित के मुद्दों को मजबूती से उठाकर सार्थक करने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी के लिए सफलता का अर्थ केवल पद और प्रतिष्ठा हासिल करना नहीं, बल्कि उस अवसर का उपयोग समाज और अपने साथियों के हित में करना भी होना चाहिए। अम्बिका की उपलब्धि इसलिए भी खास है कि वह पढ़ाई के साथ छात्र प्रतिनिधित्व के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उनका सफर युवाओं को यह संदेश देता है कि बड़े सपनों को साकार करने के लिए संसाधनों से अधिक जरूरी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति निरंतरता है। जब प्रतिभा को परिश्रम का साथ और लोगों के विश्वास का समर्थन मिल जाए, तो सफलता की राह स्वयं बनती चली जाती है। समारोह के दौरान वाइस चेयरमैन संदीप फोगाट, पूर्व नगर पार्षद कुलदीप गांधी, नसीब रावलधी, मुकेश कुमार फोगाट, नगर पार्षद जतिन फोगाट, विजय श्योराण, नितिन लाम्बा, बिजेंद्र मान, डॉ. राकेश सांगवान चरखी, आकाश बिजराणिया और प्रवीण सांगवान सहित अनेक लोगों ने अम्बिका को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान समारोह के दौरान अम्बिका ने कहा कि विद्यार्थियों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, वह उनके लिए गर्व के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सम्मान के लिए सभी वरिष्ठजनों और शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि वह छात्रहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगी।
Read More..
