Charkhi Dadri News – शहर में बीती रात तीन दुकानों में चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भारी रोष एवं चिंता का माहौल है। चोरों ने मित्तल होजरी, धर्मवीर अमूल डेयरी तथा बाला पहलवान दीपक किरयाणा स्टोर की दूकानों को निशाना बनाया। मित्तल होजरी से चोर लगभग 15-20 हजार रुपये की नकदी तथा डीवीआर उखाड़कर ले गए। इसी प्रकार धर्मवीर अमूल डेयरी के यहां से लगभग 50-60 हजार रुपये की नकदी तथा कैमरे आदि चोरी किए ग
दीपक किरयाणा स्टोर से भी लगभग 15-20 हजार रुपये की नकदी चोरी की गई तथा कैमरों में तोड़फोड़ की गई। घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन समाचार लिखे जाने तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। व्यापार मंडल, चरखी दादरी के पदाधिकारियों ने इन घटनाओं पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि शहर में व्यापारियों की दुकानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। अभी सर्दी का मौसम भी शुरू नहीं हुआ है और यदि इस समय शहर में चोरी की ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो आने वाले दिनों को लेकर व्यापारी और अधिक चिंतित हैं।
दादरी नगर व्यापार मंडल के प्रधान सुरेश पांडवानिया, जिलाध्यक्ष बलराम गुप्ता, जिला महासचिव पवन पहलवान, फेम प्रधान जयभगवान मस्ताना, उप प्रधान संदीप फोगाट, व्यापारी राजिंद्र टाफी वाला, पूर्व पार्षद व व्यापारी बाला पहलवान, धर्मवीर अमूल डेयरी, विजय गर्ग, अरूण बंसल, राकेश मित्तल, बजरंग व अमित पांडवानिया व समस्त व्यापार मंडल ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा चोरी हुआ सामान एवं नकदी बरामद की जाए। साथ ही शहर के बाजारों एवं प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा रात्रि के समय पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित की जाए।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों की मेहनत की कमाई और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। व्यापार मंडल पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग के लिए तैयार है, लेकिन व्यापारियों में सुरक्षा की भावना कायम करने के लिए ऐसी घटनाओं पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जावे।

Read More…
