Charkhi Dadri News – पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी श्री लोगेश कुमार पी., IPS के कुशल मार्गदर्शन में चरखी दादरी पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को नशे एवं अपराध से दूर रखने तथा उन्हें सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से बुधवार को BSN सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सांवड़ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिस टीम ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों की महत्वपूर्ण जानकारी दी।
Charkhi Dadri News – कार्यक्रम में डीएसपी कप्तान सिंह, प्रभारी थाना बौंदकला हरबीर सिंह, PSI अंकित, एंटी नार्कोटिक सेल से ASI राहुल फौगाट तथा दुर्गा शक्ति टीम मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने मित्रों एवं आसपास के युवाओं को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
नशे से दूर रहकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ें
Charkhi Dadri News – एंटी नार्कोटिक सेल की टीम ने विद्यार्थियों को समझाया कि युवा अपनी ऊर्जा को नशे जैसी बुराइयों में लगाने के बजाय खेल, शिक्षा, योग, व्यायाम एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि नशे की बिक्री या तस्करी संबंधी कोई जानकारी सामने आने पर इसकी सूचना पुलिस को देकर समाज को सुरक्षित बनाने में सहयोग किया जा सकता है।
साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय
Charkhi Dadri News – कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। PSI अंकित ने बताया कि साइबर ठगी से बचने के लिए किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट, अनजान कॉल और सोशल मीडिया पर मिलने वाले लालच भरे ऑफर से सावधान रहने की सलाह दी । उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर बिना देरी किए 1930 पर शिकायत दर्ज करवानी चाहिए।
महिला एवं बाल सुरक्षा पर भी विशेष जोर
Charkhi Dadri News – दुर्गा शक्ति टीम ने विद्यार्थियों को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता लेने तथा आवश्यक हेल्पलाइन सेवाओं का सही तरीके से उपयोग करने के बारे में भी बताया गया।
Charkhi Dadri News – पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को कानून एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक वही है जो कानून का सम्मान करता है, दूसरों के अधिकारों का सम्मान करता है और समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की अपील की।
Charkhi Dadri News – डीएसपी कप्तान सिंह ने कहा कि जागरूक युवा ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव हैं। पुलिस द्वारा जिले के शिक्षण संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थी नशे, साइबर अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों से बचते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें।
Read More…..
चरखी दादरी में सफाई कर्मचारियों का हल्ला बोल! पूनम रति बोलीं- सरकार झुकेगी

