Charkhi Dadri News – आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बौंद कलां में हरियाणा दिवस बड़े हर्षोल्लास, उत्साह एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। समारोह में हरियाणा की समृद्ध लोकसंस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान की अनुपम छटा देखने को मिली। विद्यालय परिसर पूरी तरह हरियाणवी रंगों में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को हरियाणा की गौरवशाली विरासत, लोकपरंपराओं, भाषा, खान-पान एवं पारंपरिक वेशभूषा से परिचित करवाने के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान के प्रति गौरव एवं सम्मान की भावना विकसित करना रहा। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। हरियाणवी लोकगीतों की मधुर गूंज और पारंपरिक लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और कला के माध्यम से हरियाणा की लोकसंस्कृति को मंच पर साकार कर दिया। हरियाणवी खान-पान की आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों एवं ग्रामीण जीवनशैली की झलक भी देखने को मिली। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण हरियाणवी पारंपरिक वेशभूषा में आयोजित रैंप वॉक रही। इसमें विद्यार्थियों ने हरियाणा की पारंपरिक पोशाक, पहनावे और लोकजीवन से जुड़ी सांस्कृतिक विशेषताओं को बड़े ही आकर्षक एवं आत्मविश्वासपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे विद्यार्थियों ने हरियाणा की सांस्कृतिक विविधता और गौरवशाली पहचान को खूबसूरती से प्रदर्शित किया।
प्रत्येक प्रस्तुति ने दर्शकों को हरियाणा की मिट्टी, परंपरा और संस्कृति से जोड़ने का कार्य किया। समारोह के दौरान विभिन्न गतिविधियों एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास देखते ही बनता था। इस सम्मान ने न केवल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की मेहनत, रचनात्मकता और सक्रिय सहभागिता की सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावक भी बच्चों की प्रस्तुतियों से बेहद प्रसन्न एवं उत्साहित नजर आए। अपने बच्चों को मंच पर आत्मविश्वास के साथ हरियाणवी संस्कृति का प्रतिनिधित्व करते देखकर अभिभावकों ने खुशी जाहिर की। विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और प्रस्तुतियों ने सभी का मन जीत लिया। पूरे समारोह में उत्साह, उमंग और आनंद का वातावरण बना रहा।
अभिभावकों ने इस प्रकार के आयोजनों को बच्चों के व्यक्तित्व विकास एवं सांस्कृतिक जागरूकता के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक प्रताप सिंह यादव ने कहा कि हरियाणा दिवस हमारी अस्मिता, गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। हरियाणा की पहचान यहां के परिश्रमी किसानों, वीर सैनिकों, खेल प्रतिभाओं, लोककलाओं और समृद्ध परंपराओं से है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए।
ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में अपनी मातृभूमि, भाषा और परंपराओं के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता का भाव जागृत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्राचार्य कृष्णदत्त ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय का दायित्व केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें संस्कारवान, अनुशासित, आत्मविश्वासी एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करती हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता तथा सामूहिक सहभागिता का विकास करती हैं।
उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का उत्साह और अभिभावकों का सहयोग ही ऐसे आयोजनों की वास्तविक सफलता है। विद्यालय के एनसीसी प्रभारी एवं फर्स्ट ऑफिसर कंवर सिंह ने अपने विचार रखते हुए कहा कि हरियाणा की पहचान शौर्य, साहस, अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति से रही है।
Read More…..
Charkhi Dadri News – गरीबों पर नगर परिषद की गाज, रसूखदारों पर मेहरबानी क्यों? | जनता ने उठाए सवाल
