Charkhi Dadri News – साइबर थाना चरखी दादरी पुलिस ने MG MOTORS की फर्जी डीलरशिप दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 14 लाख 55 हजार 700 रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान केतन शौकिन निवासी नांगलोई, दिल्ली के रुप में हुई है ।
Charkhi Dadri News – पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि दिनांक 30 अगस्त 2026 को निटू सिंह निवासी सांजरवास ने साइबर क्राइम थाना चरखी दादरी में शिकायत दी कि उसने चरखी दादरी में MG MOTORS की डीलरशिप/फ्रेंचाइजी लेने के लिए इंटरनेट पर आवेदन किया था। इसके बाद उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने संपर्क कर स्वयं को अश्विन अग्रवाल बताते हुए डीलरशिप दिलाने का झांसा दिया।
आरोपी ने डीलरशिप की प्रक्रिया शुरू करने के नाम पर रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में 2 लाख 95 हजार 700 रुपये जमा करवाए। इसके बाद ई-मेल के माध्यम से फर्जी Invoice एवं Letter of Intent (LOI) भेजकर शिकायतकर्ता का विश्वास कायम किया गया। फिर डीलर लाइसेंस फीस के नाम पर उससे 11 लाख 60 हजार रुपये और जमा करवा लिए गए। इस प्रकार आरोपियों ने कुल 14 लाख 55 हजार 700 रुपये की राशि हड़प ली।
राशि जमा करवाने के बाद जब शिकायतकर्ता को संदेह हुआ तो उसने MG MOTORS गुरुग्राम जाकर जानकारी प्राप्त की। वहां उसे पता चला कि उसके साथ डीलरशिप दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की गई है और संबंधित व्यक्ति का MG MOTORS से कोई वास्तविक संबंध नहीं था। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना चरखी दादरी में मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता से प्राप्त 11 लाख 60 हजार रुपये की राशि एक संदिग्ध बैंक खाते में पहुंची, जिसके बाद रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया। पुलिस ने संबंधित बैंक खातों की डिटेल प्राप्त कर संदिग्ध खाताधारकों गणेश, संजीत एवं इमरान तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार किया।
2.95 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन में केतन की भूमिका सामने आई
जांच के दौरान MG MOTORS के नाम से किए गए लेन-देन में से 2 लाख 95 हजार 700 रुपये की राशि एक कोटक महिंद्रा बैंक खाते में ट्रांसफर होने की जानकारी मिली। मंगलवार को साइबर थाना में तैनात हेड कांस्टेबल विकास और उनकी टीम ने खाताधारक केतन शौकिन निवासी नांगलोई, दिल्ली को गिरफ्तार किया । पुछताछ और ठगी की रकम बरामद करने के लिए आरोपी को 2 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है । आरोपी से पूछताछ जारी है ।
Read More…

