Charkhi Dadri News – चरखी दादरी जिले के गांव काकड़ोली हट्टी में जमीन के बंटवारे और खेत में पानी को लेकर चल रहा पुराना विवाद शनिवार को खूनी वारदात में बदल गया। विवाद के दौरान एक दंपती की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक सुरेंद्र उर्फ सुंदर (52) और उसकी पत्नी भानवती पर घर के बाहर हमला किया गया। दिनदहाड़े हुई इस दोहरी हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में मृतक की बेटी के बयान पर उसके बड़े भाई शमशेर समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र अपनी पत्नी भानवती के साथ खेत में बने मकान में रहता था। उसके माता-पिता भी उसी के साथ रहते थे। वहीं, उसका बड़ा भाई शमशेर कुछ दूरी पर खेत में अपना मकान बनाकर रह रहा था। दोनों भाइयों के बीच जमीन और खेत में पानी के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।
बताया गया है कि शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद बड़े भाई शमशेर ने अपने परिजनों के साथ मिलकर सुरेंद्र और उसकी पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उस समय दोनों घर के बाहर पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। हमले में गंभीर चोटें लगने से पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित वहां से फरार हो गए।
घर पर नहीं थे माता-पिता और बेटा
वारदात के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। सुरेंद्र के माता-पिता दवा लेने के लिए बाढड़ा गए हुए थे, जबकि उसका 14 वर्षीय बेटा प्रिंस स्कूल गया हुआ था। उसकी बेटी सुमित की शादी गांव मकड़ानी में हुई है। ऐसे में घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही डीएसपी राकेश और थाना प्रभारी हरबीर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी लोगेश कुमार पी ने भी मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद फोरेंसिक साइंस लैब की टीम ने घटनास्थल पर करीब दो घंटे तक जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए दादरी नागरिक अस्पताल भिजवा दिया।
छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित
जिला पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार के अनुसार, मृतक की बेटी के बयान के आधार पर बड़े भाई सहित छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं। टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही पुलिस वारदात से जुड़े तथ्यों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
Read More…
चरखी दादरी : काकड़ोली हट्टी गांव में बड़े भाई ने जमीन के लिए छोटे भाई और उसकी पत्नी को खेत में उतारा
