Charkhi Dadri News – चरखी दादरी जिले के काकड़ोली हट्टी गांव में जमीन के बंटवारे और खेत में पानी को लेकर चला आ रहा विवाद शनिवार को दोहरी हत्या की वारदात में बदल गया। खेत में बने मकान के बाहर बैठे पति-पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला कर उनकी जान ले ली गई। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले में मृतक की बेटी की शिकायत पर उसके बड़े भाई सहित छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मृतकों की पहचान गांव निवासी करीब 52 वर्षीय सुरेंद्र उर्फ सुंदर और उसकी पत्नी भानवती के रूप में हुई है। दोनों अपने खेत में बने मकान में रहते थे। सुरेंद्र के माता-पिता जगमाल और भतेरी भी उनके साथ रहते थे। वहीं, सुरेंद्र का बड़ा भाई शमशेर भी पास ही अपने खेत में मकान बनाकर रह रहा था। दोनों भाइयों के बीच जमीन के बंटवारे और खेत में सिंचाई के पानी को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि इस दौरान शमशेर ने अपने परिजनों के साथ मिलकर मकान के बाहर बैठे सुरेंद्र और भानवती पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोटें लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय मृतक के पिता जगमाल और माता भतेरी दवाई लेने के लिए बाढड़ा गए हुए थे। दंपती का 14 वर्षीय बेटा प्रिंस स्कूल में था, जबकि बेटी सुमित की शादी गांव मकड़ानी में हुई है।
वारदात के बाद आरोपी फरार, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
दंपती की हत्या के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। कुछ समय बाद आसपास के लोगों ने काकड़ोली हट्टी से हड़ौदी रोड पर दोनों के शव पड़े देखे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएसपी राकेश, बाढड़ा थाना प्रभारी हरबीर सिंह सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, दादरी से पहुंची फोरेंसिक साइंस लैब की टीम ने करीब दो घंटे तक घटनास्थल की जांच की और जरूरी साक्ष्य व नमूने एकत्रित किए।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए दादरी नागरिक अस्पताल में रखवाया है। रविवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
शमशेर समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी, गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित
दादरी जिला पुलिस के प्रवक्ता योगेश कुमार के अनुसार, मृतक की बेटी सुमित के बयान पर बाढड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में जमीन के बंटवारे और खेत में पानी को लेकर चल रहे विवाद को वारदात की वजह बताया गया है।
पुलिस ने मृतक के बड़े भाई शमशेर सहित पांच अन्य लोगों को मामले में नामजद किया है। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें बनाई गई हैं। पुलिस की ओर से संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
चरखी दादरी : काकड़ोली हट्टी गांव में बड़े भाई ने जमीन के लिए छोटे भाई और उसकी पत्नी को खेत में उतारा
