Charkhi Dadri News – बदलते मौस के कारण प्रदूषद के बढऩे की आशंका के चलते इसपर प्रभावी अंकुश लगाने और वायु व पर्यावरण गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीसी से सभी जिला उपायुक्त के साथ आने वाले समय में संभावित स्थिति पर समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त मनदीप कौर ने जिला में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
बैठक के बाद उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण नियमों का कड़ाई से पालन करवाएं। बिना एंटी-स्मॉग गन, ग्रीन नेट/स्प्रिंकलर और वाटर स्प्रेइंग के चल रहे निर्माण कार्यों पर संसाधन सुनिश्चित करवाएं। सडक़ों से उठने वाली धूल को रोकने के लिए मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सुनिश्तिच करें कि खुले स्थानों में सूखा कचरा, प्लास्टिक, पत्तियों या पराली जलाने की घटनाओं पर पूर्ण रोक हो। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त चालान और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने 163 दिव्यांगजनों को वितरित किए सहायक उपकरण
चरखी दादरी, 22 अक्टूबर। सरकार की पहल से दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। सहायक उपकरण वितरण जैसे कार्यक्रम दिव्यांगजनों के अधिकारों को सुनिश्चित करने और उन्हें समाज में समान अवसर प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
उपायुक्त मनदीप कौर ने मॉडल संस्कृति स्कूल परिसर में आयोजित दिव्यांगजन सहायक उपकरण नि:शुल्क वितरण समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर साल जरूरतमंद दिव्यांगजनों को एपीसीपीएल झज्जर और एलिम्को कंपनी के सहयोग से सहायक उपकरण प्रदान करता है। सरकार की यह पहल दिव्यांगजनों के जीवन में एक नई ऊर्जा का प्रसार करने का काम करती है। सरकार का यह कदम दिव्यांगजनों के अधिकारों को सुनिश्चित करने और उन्हें समाज में समान अवसर प्रदान करने के लिए अहम है।
उन्होंने कहा कि आज का यह अवसर दिव्यांग साथियों के जीवन में नई दिशा लेकर आयेगा। साथ ही उनके अंदर एक विशेष ऊर्जा को पैदा करेगा। सरकार द्वारा दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण प्रदान किए जाते हैं, जिससे वे अपने दैनिक जीवन में आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित शिविरों में दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया है, जिनमें से पहले चरण में 163 जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुसार 37 लाख रुपए के उपकरण वितरित किए जा रहे हैं। अन्य को दूसरे चरण में उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने 163 दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए, जिनमें 91 मोटराईज्ड ट्राई साइकिल, 27 फोल्डिंग व्हील चेयर, 26 बैसाखी, 10 वाकिंग स्टिक, 27 टीएलएम किट, 24 बीटीई कान की मशीन, 9 रोलटोर, 20 वॉकर, 3 स्मार्ट फोन व 1 ट्राइसाइकिल शामिल हैं।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव बलवान सिंह व डीईओ धमेन्द्र सिंह सहित लाभार्थी दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से करें निपटारा
शिकायतों की एटीआर समय पर अपलोड करने और बार-बार री-ओपन होने वाले मामलों की समीक्षा के दिए निर्देश
चरखी दादरी, 22 अक्टूबर। उपायुक्त मनदीप कौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों से संबंधित लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी विभाग शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में अपनी एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) पोर्टल पर अपलोड करें।
उन्होंने समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुनी और उनके3 समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए विभागवार लंबित और री-ओपन हुई शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों पर कार्रवाई पूरी हो चुकी है, उनकी एटीआर तत्काल प्रस्तुत की जाए। जिन मामलों में अभी कार्रवाई लंबित है, उन्हें प्राथमिकता से पूरा किया जाए और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निपटारे में केवल औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि एटीआर में की गई कार्रवाई, जांच के निष्कर्ष और समस्या के समाधान का स्पष्ट विवरण दिया जाए।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों और ऑपरेटरों के साथ बैठकर शिकायतों की वास्तविक स्थिति समझें तथा गुणवत्तापूर्ण एटीआर तैयार करवाएं, ताकि शिकायतें बार-बार री-ओपन न हों।
उपायुक्त ने बार-बार री-ओपन होने वाली शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक मामले में शिकायतकर्ता द्वारा दोबारा शिकायत खोलने के कारणों और टिप्पणियों की समीक्षा की जाए। यदि शिकायत के कुछ बिंदुओं पर कार्रवाई शेष है, तो उन्हें भी पूरा किया जाए। वहीं, जिन मामलों में शिकायत के बजाय कोई नई मांग रखी गई है या मामला संबंधित विभाग के अधिकार क्षेत्र से बाहर है, उनमें नियमानुसार स्पष्ट कारणों के साथ कार्रवाई की जाए। न्यायालय में विचाराधीन मामलों तथा मुख्यालय स्तर पर लंबित प्रकरणों में भी नियमानुसार उचित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
शिविर में बिजली कनेक्शन और परिवार पहचान पत्र से संबंधित शिकायतों, राशन कार्ड में दोहरी प्रविष्टियों, सडक़ एवं रास्तों की पैमाइश, अतिक्रमण, सफाई, राजस्व मामलों तथा अन्य विभागीय शिकायतें सुनी गई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ मामलों का समाधान करें और जिन शिकायतों में दूसरे विभाग की कार्रवाई अपेक्षित है, उन्हें नियमानुसार संबंधित विभाग तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरल और प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों की नियमित निगरानी करें, लंबित मामलों को अनावश्यक रूप से आगे न बढ़ाएं और शिकायतों के निपटारे में जवाबदेही सुनिश्चित करें।
राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के तहत वैल्यू चेन पार्टनर्स एवं किसान उत्पादक संगठनों के चयन के लिए आवेदन आमंत्रित
चरखी दादरी, 22 अक्टूबर। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा सीजन 2026-27 के दौरान जिला के किसानों को सरसों के प्रमाणित बीज का वितरण किया जाना है जिसके लिए ‘वैल्यू चेन पार्टनर्स एवं किसान उत्पादक संगठनों का चयन किया जाना है। इसके लिए 25 अक्टूबर तक आवेदन मांगे गए हैं।
आवेदन करने वाले कम्पनी का अधिनियम या सहकारी समिति अधिनियम के तहत पंजीकृत होना व कम से कम 3 वर्ष का अनुभव जरूरी है। किसान उत्पादक संगठनों के लिए 200 किसानों का पंजीकृत होना जरूरी है साथ ही पिछले तीन वर्षों में वार्षिक टर्नओवर औसतन 9 लाख रूपये से अधिक होनी चाहिए। किसानों द्वारा कम से कम 3 लाख रूपये की इक्विटी होनी चाहिए व सरकार द्वारा किसी भी इक्विटी ग्रांट के प्राप्तकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदकों का चयन जिला तिलहन मिशन और जिला कार्यकारी समिति द्वारा निर्धारित मानदंडों के आधार पर किया जाएगा। जिला में कार्यरत पंजीकृत संगठन / बीज वितरण नेटवर्क वाले अनुभवी वैल्यू ‘चेन पार्टनर्स / इच्छुक संस्थाएं अपनी संस्था का प्रोफाईल, अनुभव प्रमाण पत्र और आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन पत्र सम्बन्धित उपमण्डल कृषि अधिकारी के माध्यम से उपनिदेशक, कृषि तथा किसान कल्याण विभाग, चरखी दादरी कार्यालय में दिनांक 25 अक्टूबर सायं 05:00 बजे तक जमा करवा सकते है।
अधूरी जानकारी या अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा इस सन्दर्भ में विस्तृत दिशा निर्देश एवं शर्ते सम्बन्धित उपमण्डल कृषि अधिकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती हैं।
Read More…..
