Charkhi Dadri News – माननीय श्री देश राज चालिया, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चरखी दादरी के कुशल मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चरखी दादरी द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल सुरक्षा तथा बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी कड़ी में आज CBS Memorial Senior Secondary School, चरखी दादरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें श्री सतीश कुमार, माननीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, चरखी दादरी ने विशेष रूप से शिरकत की।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बाल अधिकारों, बच्चों की सुरक्षा तथा उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में रहने और शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन के रूप में अधिवक्ता सुश्री इंदु जसूजा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बाल अधिकारों तथा बच्चों के संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया।
इसी प्रकार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कलियाणा में भी सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में श्री मोहम्मद जकारिया खान, माननीय अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीनियर डिवीजन), चरखी दादरी ने शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बाल अधिकारों, बाल सुरक्षा तथा बच्चों के साथ होने वाले शोषण की रोकथाम के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक रहने तथा किसी भी अनुचित घटना की जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों को देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन के रूप में पैनल अधिवक्ता सुश्री दिव्यता ने भी विद्यार्थियों को बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को बाल यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), 2012 के महत्व के बारे में बताया गया। उन्हें अच्छे एवं बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाया गया तथा किसी भी असहज परिस्थिति में बिना झिझक अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय रहते संबंधित अधिकारियों से सहायता लेनी चाहिए।
इस अवसर पर माननीय न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि बच्चों का सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने, अपनी बात रखने तथा सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी अनुचित गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों को देनी चाहिए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चरखी दादरी द्वारा समय-समय पर विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि विशेषकर बच्चों एवं युवाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी सहायता तथा विभिन्न कानूनों के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाई जा सके।
इन जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना, उन्हें कानूनी रूप से जागरूक बनाना तथा समाज में ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें प्रत्येक बच्चा सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त जीवन व्यतीत कर सके। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा एक सुरक्षित और संवेदनशील समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
Read More….
Charkhi Dadri News – गरीबों पर नगर परिषद की गाज, रसूखदारों पर मेहरबानी क्यों? | जनता ने उठाए सवाल
