Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri NewsNews – सरदार पटेल जयंती पर मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन के चिकित्सा शिविर, 771 लोगों की जांच और 68 यूनिट रक्तदान

Charkhi Dadri News – मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन द्वारा जनसेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित निशुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविरों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर जिले के विभिन्न गांवों में शिविरों का आयोजन किया गया। गांव कटेसरा, बौंद, नौरंगाबास जाटान की गुर्जर की ढाणी, सांकरोड़, सांजरवास व हिण्डोल में आयोजित इन शिविरों में कुल 771 नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई,

जबकि रक्तदान शिविर में 68 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। संगठन के अनुसार ये चिकित्सा शिविरों की 2180वीं से 2186वीं कड़ी रहे, वहीं रक्तदान शिविरों की श्रृंखला का 1659वां आयोजन रहा। शिविरों में मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी अभिमन्यु, नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि राजू, टाइटवैल कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुशल नरवाल, पूर्व सरपंच जगदीश, पूर्व सरपंच सुनील, पूर्व जिला पार्षद ओमप्रकाश तथा गौशाला प्रधान हनुमान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

विभिन्न शिविरों की अध्यक्षता शंकर गुप्ता, गौरव बंसल, हरेन्द्र मान, प्रतीक लाम्बा व मनोज सैनी ने की। चिकित्सा शिविरों में मेदांता अस्पताल, अनमोल फाउंडेशन, गीतांजलि, आईक्यू अस्पताल, वेदांता अस्पताल, ऑस्कर अस्पताल, कदम अस्पताल व अचल अस्पताल के चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। डॉ. हरसुख, डॉ. पंकज, डॉ. विनोद अचल, डॉ. नरेश व डॉ. विकास महन्दरू सहित चिकित्सकीय टीम ने नागरिकों की जांच की। शिविरों में ईसीजी, रक्त जांच, शुगर, फेफड़ों तथा हड्डियों से संबंधित जांच के साथ विभिन्न सामान्य बीमारियों की जांच की गई।

रक्तदान शिविर में पीजीआईएमएस रोहतक की टीम ने सेवाएं देते हुए रक्त संग्रहित किया। इस अवसर पर संगठन के युवा विंग के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता डॉ. अनिल बलवान साहू ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता, दृढ़ इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने आजादी के बाद अनेक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्हें लौह पुरुष की उपाधि यूं ही नहीं मिली, बल्कि उनके अदम्य साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने उन्हें भारतीय इतिहास में विशिष्ट स्थान दिलाया। आज देश जिस एकता और अखंडता के सूत्र में बंधा है, उसमें सरदार पटेल का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती को केवल एक औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे राजकीय सम्मान के साथ पूरे देश में व्यापक स्तर पर मनाया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी उनके विचारों, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान से प्रेरणा ले सके। उन्होंने कहा कि पटेल जी का जीवन हमें सिखाता है कि व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्र और समाज के हित में कार्य करना ही सच्ची देशभक्ति है। डॉ. साहू ने कहा कि संगठन भी इसी भावना के साथ गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

समाजसेवा का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद तक बिना भेदभाव सहायता पहुंचाना है। रक्तदान किसी को नया जीवन देने का माध्यम है और समय पर स्वास्थ्य जांच गंभीर बीमारियों से बचाव में सहायक होती है। उन्होंने चिकित्सकों, रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, आयोजकों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक एकजुटता और जनभागीदारी से ही स्वस्थ, जागरूक और विकसित समाज का निर्माण संभव है।

Charkhi Dadri News

Read more…

Charkhi Dadri News – राष्ट्रीय एकता दिवस पर चरखी दादरी पुलिस कर्मचारियों ने ली एकता और अखंडता की शपथ

Charkhi Dadri :- सांवड़ गांव के सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा, जानिए क्या है पूरा

Popular Articles