Charkhi Dadri News – शिक्षकों को योग के प्रति जागरूक कर विद्यार्थियों तक स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) बिरही कलां की ओर से स्थानीय पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चरखी दादरी में 15 दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एवं डाइट बिरही कलां के अतिरिक्त प्रभार वाले प्राचार्य धर्मेन्द्र चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर धर्मेन्द्र चौधरी ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, मानसिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं। जब शिक्षक स्वयं योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करेंगे, तो वे विद्यार्थियों को भी इसके प्रति प्रेरित कर सकेंगे। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता, एकाग्रता और मानसिक संतुलन को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यालयों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
60 शिक्षक दो चरणों में प्राप्त करेंगे प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी एवं डाइट प्रवक्ता विवेक ने बताया कि शिविर में जिला चरखी दादरी के 60 डीपीई एवं पीटीआई शिक्षक 15-15 दिन के दो चरणों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रातःकालीन सत्र में योगाभ्यास करवाया जा रहा है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को योग की विभिन्न विधियों, उनके महत्व तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जा रही हैं।
शिविर में विकास राणा सहित सोमबीर (योग स्पोर्ट्स एसोसिएशन) तथा मित्रसेन और सुमन (आयुष योग सहायक) प्रशिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। प्रशिक्षकों द्वारा शिक्षकों को योग की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे विद्यालयों में विद्यार्थियों को भी योग के प्रति जागरूक कर सकें।
विद्यालयों में स्वस्थ जीवनशैली को मिलेगा बढ़ावा
प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को योग का व्यावहारिक ज्ञान देकर सशक्त बनाना तथा विद्यालयों में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच की संस्कृति को बढ़ावा देना है। प्रशिक्षित शिक्षक विद्यार्थियों को योग के लाभों से परिचित करवाकर उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर डाइट बिरही कलां के इंचार्ज नवरत्न पांडेय, विवेक, नरेश जांगड़ा, सोमबीर जाखड़, राजेश, राकेश गोदारा, डॉ. सतीश साहू एवं राजेश जाखड़ सहित अन्य उपस्थित रहे।
Read More……
चरखी दादरी में किसानों के रोड जाम पर भिड़ा युवक! बोला- “बिजली वालों, एक मिनट में इलाज करेगी सरकार.
