Charkhi Dadri News – हरियाणा मिट्टी कला बोर्ड के चेयरमैन अनूप प्रजापति ने वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली लेकर आए।
अनूप प्रजापति ने हरियाणा प्रदेश के सभी जिलों में मिट्टी कला से जुड़े कारीगरों, कुम्हारों तथा पारंपरिक मिट्टी उत्पाद बनाने वाले शिल्पकारों से हरियाणा मिट्टी कला बोर्ड में अपना पंजीकरण करवाने की अपील की। उन्होंने कहा है कि बोर्ड का उद्देश्य मिट्टी कला से जुड़े कामगारों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना,
उनके पारंपरिक हुनर को प्रोत्साहित करना तथा उनके उत्पादों के विपणन के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है। प्रदेश के सभी जिलों में मिट्टी कला से जुड़े कारीगर अपने कार्य, कार्यक्षेत्र तथा उत्पादों से संबंधित विस्तृत जानकारी बोर्ड को ई मेल hmbpkl@gmail.com के माध्यम से भेजें, ताकि उनका पंजीकरण किया जा सके और उन्हें हरियाणा सरकार के माध्यम से बोर्ड से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई जा सके।
चेयरमैन अनूप प्रजापति ने बताया कि पंजीकरण के माध्यम से मिट्टी कला से जुड़े कारीगरों एवं शिल्पकारों को संगठित करने के साथ-साथ उनके उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। इसके तहत पंजीकृत कारीगरों के उत्पादों को हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों तथा खुले बाजार में बिक्री के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
इससे पारंपरिक मिट्टी कला को बढ़ावा मिलेगा और इससे जुड़े कामगारों के रोजगार एवं आय में वृद्धि करने में मदद मिलेगी। मिट्टी कला हमारी पारंपरिक हस्तकला और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस कला से जुड़े कारीगरों को प्रोत्साहन देना, उनके हुनर को नई पहचान दिलाना तथा उनके उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध करवाना आवश्यक है।
Read More….
चरखी दादरी में किसानों के रोड जाम पर भिड़ा युवक! बोला- “बिजली वालों, एक मिनट में इलाज करेगी सरकार.
