फरीदाबाद: महिला शिक्षिका हत्याकांड में बड़ा खुलासा, आरोपी दो महीने से बना रहा था हत्या की साजिश
Faridabad Murder Case – गांव सिकरौना स्थित एक निजी स्कूल में महिला शिक्षिका की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए हैं। शुरुआती जांच के अनुसार आरोपी अमित पिछले करीब दो महीने से वारदात की योजना बना रहा था। पुलिस का कहना है कि उसने पहले से चाकू खरीद रखा था और शिक्षिका के अकेले मिलने का इंतजार कर रहा था।
पहले से कर रहा था रेकी
जांच में सामने आया है कि आरोपी गांव में दूध सप्लाई का काम करता था। वह पिछले दो महीनों से शिक्षिका संध्या की दिनचर्या पर नजर रखे हुए था। बताया जा रहा है कि संध्या रोज अपने पति के साथ स्कूल आती-जाती थीं, जिससे आरोपी को मौका नहीं मिल पा रहा था।
स्कूल की गैलरी में किया हमला
पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरोपी स्कूल पहुंचा और गैलरी में शिक्षिका पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आरोपी तीन दिन की पुलिस रिमांड पर
वारदात के कुछ समय बाद पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस यह पता लगा रही है कि उसने हथियार कब और कहां से खरीदा था। वारदात की तैयारी कैसे की और इस पूरी साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। अदालत ने आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर भेजा है।
दो वर्ष पहले हुई थी पहचान
पुलिस जांच में पता चला है कि मृतका संध्या और आरोपी अमित की पहचान करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उस समय संध्या एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं, जहां आरोपी का रिश्तेदारी के कारण आना-जाना रहता था। इसी दौरान दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। पुराने संबंधों की भी जांच सूत्रों के मुताबिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पहले कुछ समय तक संपर्क में रहे थे। बाद में संध्या अपने परिवार के साथ रहने लगीं और आरोपी से दूरी बना ली। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम और दोनों के बीच रहे संबंधों की भी जांच कर रही है।
पति पर भी बनाया था दबाव
पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार संध्या पर अपने पति को छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बना रहा था। इस बात को लेकर पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद भी हुआ था। मामला पंचायत तक पहुंचा, जहां समझौता कराया गया था। उस समय किसी प्रकार का पुलिस मामला दर्ज नहीं हुआ था।
स्कूल बदलने के बाद भी करता रहा पीछा
परिजनों का कहना है कि आरोपी की हरकतों से परेशान होकर संध्या ने स्कूल बदल लिया था। इसके बावजूद वह उनका पीछा करता रहा। परिवार ने इस संबंध में शिकायत भी की थी, लेकिन पंचायत स्तर पर समझौता होने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ा।
परिवार से अलग रह रहा था आरोपी
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपने परिवार से अलग रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह दूध बेचकर अपना गुजारा करता था और परिवार की संपत्ति से भी बेदखल किया जा चुका था।
लगातार संपर्क करने की करता था कोशिश
पुलिस के अनुसार संध्या ने काफी समय पहले आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार उनसे संपर्क करने का प्रयास करता रहा। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने संध्या के पति को जान से मारने की धमकी दी थी।
10 वर्ष पहले हुआ था प्रेम विवाह
मृतका संध्या की उम्र 33 वर्ष थी। उन्होंने करीब 10 वर्ष पहले विक्की से प्रेम विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं। परिवार गांव में रहता है, जबकि उनके पति एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।
32 सेकेंड में किए 34 वार
पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी ने महज 32 सेकेंड के भीतर शिक्षिका पर 34 बार चाकू से हमला किया। इनमें कई वार गर्दन और शरीर के ऊपरी हिस्से पर किए गए। चिकित्सकों के अनुसार शरीर पर इतने अधिक घाव थे कि उनकी गिनती करने में भी काफी समय लगा।
Read More News…
Charkhi Dadri का Premium Showroom | KURTA’S DADRI में Wedding Collection और FREE Stitching Offer…
See more
