Bhiwani News : शहर के हालू बाजार निवासी अंतरराष्ट्रीय एथलीट फूल कुमार का रविवार सुबह जनशताब्दी ट्रेन से गिरने के कारण निधन हो गया। वह चंडीगढ़ में आयोजित पांचवें खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मास्टर्स गेम्स फेडरेशन द्वारा 20 से 22 मार्च तक चंडीगढ़ में खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स का आयोजन किया गया था। इसमें फूल कुमार (70) अपने साथियों के साथ हिस्सा लेने पहुंचे थे और पोल वॉल्ट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया था।
रविवार सुबह वह चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही जनशताब्दी ट्रेन में सवार थे। इसी दौरान राठधना और नरेला रेलवे स्टेशन के बीच चलते ट्रेन से गिरने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी ट्रेन के लोको पायलट ने स्टेशन मास्टर को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
शव को पहचान के लिए जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया था। सोमवार को परिजनों के पहुंचने पर उनकी शिनाख्त हो सकी।
बताया जाता है कि फूल कुमार भारतीय रेलवे में मुख्य टिकट निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त थे। उन्हें खेल कोटे के तहत नौकरी मिली थी और अपने खेल जीवन में उन्होंने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 130 से अधिक पदक जीते थे।
Read More …
Charkhi Dadri :- सर्वोदय स्कूल ने बदली अनुष्का की ज़िंदगी | छोटे शहर से बड़ी उड़ान

