Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri News – सुरक्षित बचपन अभियान के तहत DLSA चरखी दादरी ने आयोजित किया विशेष जागरूकता कार्यक्रम

Charkhi Dadri News –जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चरखी दादरी द्वारा “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान पूरे भारत में विद्यालयों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO Act) के प्रति जागरूकता फैलाना है।

कार्यक्रम का आयोजन जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चरखी दादरी श्री देश राज चालिया के मार्गदर्शन में तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चरखी दादरी श्री संजीव काजला की देखरेख में किया गया।

कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री देश राज चालिया ने अपने संबोधन में बच्चों के अधिकारों एवं उनकी सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चों को लैंगिक अपराधों एवं शोषण से सुरक्षित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों के प्रति संवेदनशील एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर ही उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों एवं संबंधित हितधारकों से बच्चों के अधिकारों की रक्षा तथा उनके हितों को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

इसके पश्चात मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव श्री संजीव काजला ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास में शिक्षकों और विद्यालयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के प्रति संवेदनशील रहने, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार की जानकारी मिलने पर समय पर उचित कार्रवाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बाल-अनुकूल वातावरण विकसित करने तथा बच्चों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, चरखी दादरी सुश्री अन्नू ने शिक्षकों को बाल अधिकारों, बाल-अनुकूल सिद्धांतों, POCSO अधिनियम के मूल प्रावधानों, बच्चों को उपलब्ध कानूनी संरक्षण तथा आयु के अनुरूप बच्चों से संवाद स्थापित करने के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों के साथ सम्मानपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार करना आवश्यक है, ताकि वे बिना किसी भय या संकोच के अपनी समस्याओं को साझा कर सकें। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर बाल कल्याण समिति (CWC) के सदस्य श्री संदीप ने समिति की भूमिका एवं जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान, समय पर हस्तक्षेप तथा बच्चों के कल्याण एवं पुनर्वास के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चरखी दादरी की पैनल अधिवक्ता सुश्री पूनम ढिल्लों सांगवान एवं सुश्री शर्मिला ने भी बच्चों के संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा शिक्षकों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूकता, उचित मार्गदर्शन एवं समय पर कानूनी सहायता उपलब्ध कराना बाल सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से बच्चों के लिए सुरक्षित, सहयोगात्मक एवं बाल-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूकता और संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है। शिक्षकों, अभिभावकों, कानूनी संस्थाओं एवं समाज के सभी वर्गों के सामूहिक प्रयासों से ही बच्चों को लैंगिक अपराधों एवं शोषण से सुरक्षित रखा जा सकता है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चरखी दादरी द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों के अधिकारों की रक्षा, कानूनी जागरूकता का प्रसार तथा समाज में सुरक्षित एवं बाल-अनुकूल वातावरण के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Read More News……

CIA चरखी दादरी ने एक युवक को अवैध देशी पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस See More…

Charkhi Dadri News – विशेष लोक अदालत में धारा 138 एनआई एक्ट के 29 मामलों का हुआ निस्तारण, 1.64 करोड़ रुपये की समझौता राशि तय

Popular Articles