Charkhi Dadri News – राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (HALSA) के दिशा-निर्देशों की पालना में शनिवार को चरखी दादरी न्याय परिसर में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट (एनआई एक्ट) की धारा 138 (चेक बाउंस) से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चरखी दादरी श्री देश राज चालिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष लोक अदालत में कुल 177 मामलों को सुनवाई के लिए लिया गया, जिनमें से 29 मामलों का आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल 1,64,07,362 रुपये (एक करोड़ चौंसठ लाख सात हजार तीन सौ बासठ रुपये) की समझौता राशि निर्धारित की गई।
विशेष लोक अदालत में जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री देश राज चालिया, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सतीश कुमार तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्री लक्ष्य गर्ग की पीठों द्वारा धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई।
विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य धारा 138 एनआई एक्ट के अंतर्गत लंबित मामलों का आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर शीघ्र और सौहार्दपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना था, ताकि आमजन को लंबे समय तक चलने वाली न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिल सके और पक्षकारों के समय एवं धन की बचत हो सके।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चरखी दादरी श्री संजीव काजला ने बताया कि विशेष लोक अदालत के आयोजन से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए पहले से ही आवश्यक तैयारियां की गई थीं। संबंधित अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों को भी विशेष लोक अदालत के संबंध में जागरूक किया गया था। इसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में मामलों को सुनवाई के लिए प्रस्तुत किया गया और कई मामलों का आपसी समझौते से निस्तारण संभव हो पाया।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत विवादों के त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान का प्रभावी माध्यम है। लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निस्तारण होने से न केवल न्यायालयों में लंबित मुकदमों की संख्या कम होती है, बल्कि पक्षकारों के बीच आपसी सहमति से विवादों का स्थायी समाधान भी संभव हो पाता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चरखी दादरी आमजन को सुलभ, सस्ता एवं त्वरित न्याय उपलब्ध करवाने तथा न्यायिक प्रक्रिया को सरल एवं जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
Read More News…..
CIA चरखी दादरी ने एक युवक को अवैध देशी पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस See More…
