Charkhi Dadri News – भिवानी जिले के गांव लोहानी के नजदीक कार और बाइक की टक्कर में चरखी दादरी जिले के गांव उमरवास निवासी दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद जुई कलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान गांव उमरवास निवासी प्रदीप (34) और राजेंद्र (35) के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्ते में परिवार में भाई लगते हैं। वहीं गांव निवासी इंद्र (37) हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
भिवानी से लौटते समय हुआ हादसा
गांव उमरवास के पूर्व सरपंच विजय मोटू ने बताया कि प्रदीप, राजेंद्र और इंद्र प्राइवेट ठेकेदार के पास बिजली का काम करते हैं। वीरवार को तीनों काम से वापस घर लौट रहे थे। वे भिवानी से बाइक पर सवार होकर निकले थे।
जब वे गांव लोहानी के नजदीक पहुंचे तो एक वैगनआर कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रदीप और राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं इंद्र की हालत गंभीर होने के कारण उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
प्रदीप तीन बच्चों का पिता था
प्रदीप शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो लड़के और एक लड़की है। वह पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उससे बड़ी केवल एक बहन है। प्रदीप के एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। फिलहाल उसका एक भाई और दो बहनें जीवित हैं।
राजेंद्र के दो बच्चे
राजेंद्र भी शादीशुदा था और उसके दो लड़के हैं। वह पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। उसके परिवार में तीन भाई और दो बहनें हैं।
वहीं इंद्र भी शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। रक्षाबंधन के पर्व से पहले हुए इस हादसे के कारण पूरे परिवार में मातम छा गया है।
कार चालक के खिलाफ केस दर्ज
जुई कलां पुलिस चौकी के जांच अधिकारी एएसआई अमित कुमार ने बताया कि गांव लोहानी के नजदीक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Read More..

