Charkhi Dadri News जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में उपायुक्त मनदीप कौर ने जन शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पहले से निर्धारित 13 परिवाद रखे गए, जिनमें से 5 का मौके पर ही निपटान कर दिया गया, जबकि शेष 8 परिवादों को आगामी बैठक तक हल करने के निर्देश दिए गए।
लघु सचिवालय सभागार में उपायुक्त मनदीप कौर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला परिषद चेयरमैन मनदीप डालावास, पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी, एसडीएम डॉ. वीरेंद्र सिंह व आशीष सांगवान, सीटीएम सुरेश कुमार, डीएफओ सतीश दूहन, डीडीपीओ प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान वार्ड नंबर 17 निवासी जयबीर ने अपने प्लाट से संबंधित शिकायत उपायुक्त के समक्ष रखी। इस पर उपायुक्त ने मौके पर मौजूद नगर परिषद सचिव से जवाब मांगा, लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग को नगर परिषद सचिव के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए लिखने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार वार्ड नंबर 2 निवासी कार्तिक की शिकायत पर उपायुक्त ने म्यूनिसिपल कमेटी के कार्यकारी अभियंता को रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की जानकारी अगली बैठक से पहले उपायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
गांव अचीना निवासी नवीन की शिकायत पर उपायुक्त ने डीडीपीओ को मामले की जांच कर अगली बैठक से पहले पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसी मामले में स्टेडियम में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए कार्यकारी अभियंता पंचायत को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
चरखी दादरी निवासी सुभाष चंद्र की शिकायत पर उपायुक्त ने सीएमओ को दोबारा जांच करने और 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
वहीं, गांव सावड़ निवासी हरिकिशन की शिकायत सुनते हुए उपायुक्त ने मौके पर ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने के निर्देश दिए। साथ ही वन विभाग को संबंधित जमीन पर पौधारोपण करने के लिए कहा।
उपायुक्त मनदीप कौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी परिवादों का निर्धारित समय सीमा में निपटान सुनिश्चित किया जाए।
Read More News….
चरखी दादरी में दिनदहाड़े चोरी की खबर निकली झूठी! पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुआ बड़ा खुलासा
