Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri News – गीता महोत्सव में दिखेगा अध्यात्म और मनोरंजन का अनोखा संगम, 18 से 20 दिसंबर तक होगा आयोजन

Charkhi Dadri News –चरखी दादरी में जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन 18 से 20 दिसंबर तक किया जाएगा। सरदार झाडू सिंह चौक के नजदीक स्थित शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में अध्यात्म और मनोरंजन का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रदर्शनी, शोभायात्रा, श्लोकोच्चारण और सेमिनार के माध्यम से लोगों को श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश से रूबरू करवाया जाएगा।

शुक्रवार को उपायुक्त मनदीप कौर ने अधिकारियों के साथ धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों की बैठक लेकर महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता का संदेश सदियों बाद भी प्रासंगिक है। गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की पद्धति और विचारधारा है। जिसने भी गीता के संदेश को अपने जीवन में अपनाया है, उसे हर स्तर पर सफलता मिली है। भारत ही नहीं, बल्कि विश्व के बड़े-बड़े विद्वानों ने भी गीता के संदेशों की उपयोगिता को स्वीकार किया है।

उपायुक्त ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को जिले में भव्य एवं गरिमामय तरीके से मनाया जाएगा। इसमें कोई भी शिक्षण, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थान भाग ले सकता है। उन्होंने इसे सभी धर्मों और समुदायों का साझा कार्यक्रम बताते हुए लोगों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

हवन यज्ञ के साथ होगा महोत्सव का शुभारंभ

हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश के सभी जिलों में 18 से 20 दिसंबर तक जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में चरखी दादरी में भी स्थानीय शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में तीन दिवसीय आयोजन होगा। पहले दिन हवन यज्ञ के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। आयोजन के तीनों दिन प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखेगी हरियाणवी संस्कृति की झलक

महोत्सव के दौरान तीनों दिन अध्यात्म और मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा। श्रीमद्भगवद्गीता के जीवन में महत्व को लेकर सेमिनार, श्लोकोच्चारण और नगर शोभायात्रा आयोजित की जाएगी। जिले की विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाएं भी इसमें भाग लेंगी।

इसके अलावा प्रख्यात लोक कलाकारों, सांस्कृतिक समूहों और शिक्षण संस्थानों की टीमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। इनमें गीता सार, श्रीकृष्ण लीला, हरियाणा लोक नृत्य और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न विषयों पर आधारित कार्यक्रम शामिल होंगे।

महोत्सव में भाग लेने के लिए 15 दिसंबर तक देनी होगी सूचना

गीता महोत्सव 2025 में भाग लेने के इच्छुक नागरिक एवं संस्थाएं 15 दिसंबर तक अपनी जानकारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी के कार्यालय में दे सकते हैं। यह कार्यालय नए लघु सचिवालय भवन की दूसरी मंजिल पर कमरा नंबर 212 में स्थित है। महोत्सव में नागरिक एवं संस्थाएं प्रदर्शनी, शोभायात्रा और सेमिनार में भाग ले सकती हैं, जबकि शिक्षण संस्थाएं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुतियां दे सकती हैं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी, एसडीएम डॉ. वीरेंद्र सिंह एवं आशीष सांगवान, सीटीएम सुरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


डिजिटल पोर्टल से मिलेगी सरकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी, युवाओं से जुड़ने की उपायुक्त ने की अपील

चरखी दादरी, 27 नवंबर। उपायुक्त मनदीप कौर ने युवाओं से केंद्र और राज्य सरकार द्वारा तैयार किए गए डिजिटल पोर्टलों से जुड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि युवा इन पोर्टलों के माध्यम से सरकारी योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ देश के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।

उपायुक्त ने कहा कि अब सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए पारंपरिक माध्यमों पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है। सरकार ने ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किए हैं, जो योजनाओं की जानकारी देने के साथ नागरिकों को नीति निर्माण और सरकार के साथ संवाद करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।

माईजीओवी से सरकार के साथ जुड़ सकते हैं नागरिक

उन्होंने बताया कि माईजीओवी ऐसा प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो नागरिकों को सरकार से जोड़कर सुशासन में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करता है। इसके माध्यम से लोग चर्चाओं, सर्वे, पोल, क्विज और ऑन-ग्राउंड गतिविधियों में हिस्सा ले सकते हैं। माईजीओवी की सोशल मीडिया पर भी मजबूत मौजूदगी है और यह ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब तथा कू, शेयरचैट, चिंगारी और रोपोसो जैसे भारतीय प्लेटफॉर्म पर सक्रिय है।

माई भारत और पीएम इंटर्नशिप पोर्टल से युवाओं को मिलेंगे अवसर

उपायुक्त ने बताया कि माई भारत युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने और समाज में योगदान देने का अवसर प्रदान करता है। वहीं, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप पोर्टल युवाओं को व्यावहारिक अनुभव और कौशल विकास के माध्यम से करियर निर्माण में मदद करता है।

उन्होंने कहा कि ये डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और नीति निर्माण में अपना योगदान देने का बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से इन पोर्टलों का अधिकतम लाभ उठाने और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Read More News…..

चरखी दादरी में दिनदहाड़े चोरी की खबर निकली झूठी! पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुआ बड़ा खुलासा

Charkhi Dadri News – जन शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, उपायुक्त मनदीप कौर ने नगर परिषद सचिव के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के दिए निर्देश

Popular Articles