Charkhi Dadri News – प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी, महान समाज सुधारक, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व सांसद बनारसी दास गुप्ता की पुण्यतिथि पर अग्रवाल वैश्य समाज चरखी दादरी द्वारा उन्हें याद करते हुए अग्रवाल वैश्य समाज रेलवे रोड कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
आयोजन में अग्रवाल वैश्य समाज पदाधिकारियों के साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने शामिल होकर स्व. बनारसी दास गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उनके कार्यों को याद करते हुए कृतज्ञता प्रकट की। अग्रवाल वैश्य समाज प्रदेश महासचिव बलराम गुप्ता व चरखी दादरी जिलाध्यक्ष सुरेश ऐरन ने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्र को अखंड व मजबूत बनाने तथा हरियाणा राज्य की उन्नति व प्रगति में स्व. बनारसी दास गुप्ता की अहम भूमिका रही।
उन्होंने अंग्रेजों व देसी रियासतों की दमनकारी नीतियों का विरोध करते हुए प्रजामंडल आंदोलन व अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भाग लिया। इसके परिणामस्वरूप वे 1942 से 1944 के दौरान जेलों में भी बंद रहे। हरियाणा राज्य बनने के बाद 1968 के मध्यावधि चुनाव में भिवानी से विधायक निर्वाचित हुए। विभिन्न समय पर उन्होंने राज्य में बिजली मंत्री, वित्त मंत्री, कृषि मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री व मुख्यमंत्री रहते हुए राज्य के विकास व प्रगति में अहम योगदान दिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेश पांडवानिया, अग्रवाल भवन सोसायटी प्रधान मितेश गोयल ने बताया कि वे एक शिक्षाविद् होने के साथ-साथ हिंदी प्रेमी भी रहे।
उन्होंने विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं की स्थापना की तथा योग और प्रकृति प्रेमी होने के कारण भिवानी में प्राकृतिक चिकित्सालय की भी स्थापना की। प्रेस सचिव विनोद गर्ग व हरियाणा व्यापार मंडल जिला महासचिव पवन लुहानी वाला ने कहा कि उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में भी योगदान किया। वे साप्ताहिक ‘अपना देश’ व ‘हरियाणा केसरी’ समाचार पत्र के संपादक रहे।
बानरसी दास गुप्ता ने राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक क्षेत्रों में जीवन पर्यंत सेवा की, उनके कार्यों को हमेशा याद किया जाएगा। इस अवसर पर अग्रवाल वैश्य समाज प्रदेश महासचिव बलराम गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश पांडवानिया, सुरेश ऐरन, विनोद जैन, गणेश गोयल, मितेश काहनोरिया, पवन लुहानी वाला, हरीराम बबलू, अरूण बंसल, कुलभूषण बंसल आदि ने श्रद्धा-सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी ।
Read More News…
Charkhi Dadri के पातुवास गांव में जोहड़ में तैरता मिला
Charkhi Dadri News : राखी वाले दिन घर पर भाइयों का इंतजार करती रही बहने, उमरवास गांव में छाया मातम

