Charkhi Dadri – भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग द्वारा 7वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जल संरक्षण एवं प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पात्र संगठन, संस्थाएं, जिला प्रशासन, शहरी स्थानीय निकाय, उद्योग एवं अन्य संबंधित इकाइयां इस पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकती हैं।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि पुरस्कार के लिए आवेदन केवल गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल अवार्डस.जीओवी.आईएन के माध्यम से ही ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 28 अगस्त, 2026 निर्धारित की गई है। पात्र आवेदक पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल तथा जल शक्ति मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पुरस्कार के तहत विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें सर्वश्रेष्ठ राज्य, सर्वश्रेष्ठ जिला, सर्वश्रेष्ठ शहरी स्थानीय निकाय, जल क्षेत्र में कार्यान्वित सर्वश्रेष्ठ परियोजना तथा जल क्षेत्र में सीएसआर पहल के लिए सर्वश्रेष्ठ उद्योग जैसी प्रमुख श्रेणियां शामिल हैं। सर्वश्रेष्ठ जिला श्रेणी में जल संसाधन प्रबंधन, जल संचय-जनभागीदारी तथा जल जीवन मिशन जैसी उप-श्रेणियां भी शामिल की गई हैं।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है। भूजल स्तर के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। यह पुरस्कार जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं एवं इकाइयों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिला के संबंधित विभागों, संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों तथा अन्य पात्र इकाइयों से आह्वान किया कि वे जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल संसाधन प्रबंधन, जल संचय-जनभागीदारी एवं जल के सदुपयोग की दिशा में किए गए अपने उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निर्धारित समय सीमा में आवेदन करें।
उन्होंने सभी पात्र इकाइयों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और आवेदन करते समय निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं आवश्यक दस्तावेजों का विशेष ध्यान रखें।
Read More news…
Charkhi Dadri – महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर आयोग सख्त, घटना की तुरंत दें जानकारी
