Charkhi Dadri News – पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार पी., आईपीएस के सख्त निर्देशों और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत जिले को नशा-मुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार कड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में वीरवार को गांव बौन्द,
मालपोश और बास में एक व्यापक और औचक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने डॉग स्क्वॉयड के साथ मिलकर संदिग्ध ठिकानों की चप्पे-चप्पे पर बारीकी से तलाशी ली, जिससे नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
थाना बौंदकलां प्रभारी निरीक्षक सुलतान सिंह और पुलिस चौकी अचीना ताल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने बौन्द मालपोस और बास के संदिग्ध ठिकानों की घेराबंदी की। अभियान के दौरान डॉग स्क्वॉयड और आधुनिक उपकरणों की सहायता से संदिग्ध घरों, कमरों और संभावित ठिकानों की गहन पड़ताल की गई,
ताकि किसी भी प्रकार के अवैध नशीले पदार्थों या आपत्तिजनक सामग्री को छिपाया न जा सके। पूरी कार्रवाई के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्थानीय ग्रामीणों और गवाहों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई।
थाना प्रबंधक सुलतान सिंह ने स्पष्ट किया कि दादरी पुलिस अपराधियों और नशा तस्करों के नापाक मंसूबों को कतई कामयाब नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग हर छोटी-बड़ी गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर रहा है और इस प्रकार के औचक निरीक्षण व तलाशी अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। कानून-व्यवस्था की रक्षा करना और युवा पीढ़ी को नशे की गर्त से बचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
“नशे का कारोबार किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं” – एसपी लोकेश कुमार पी.
पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार पी., आईपीएस ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि चरखी दादरी जिला पुलिस नशे के खात्मे के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिले के युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालना और समाज को सुरक्षित व स्वस्थ वातावरण देना प्रशासन का मुख्य लक्ष्य है। नशा तस्करों, सप्लायर्स और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति के खिलाफ आने वाले दिनों में और अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन ने इस सामाजिक लड़ाई में नागरिकों से आगे आने की अपील की है। एसपी ने आमजन से आग्रह किया है कि यदि किसी को भी अपने आसपास अवैध नशे की बिक्री, तस्करी या सेवन की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
Read More…
चरखी दादरी में AAP जिला अध्यक्ष धनराज कुंडू को पुलिस ने क्यों किया डिटेन? जानिए पूरा मामला
