Charkhi Dadri News – श्री कृष्ण लीला कमेटी के तत्वावधान में पुराना बस स्टैंड परिसर में चल रही श्रीकृष्ण रासलीला के तीसरे दिन वृंदावन से पधारे मुकेश चंद्र तिवारी (ठाकुर जी) की मंडली द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं कालिया नाग मर्दन का भावपूर्ण, मार्मिक और संदेशात्मक मंचन किया गया। लीला के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के साहस, करुणा और लोककल्याण की भावना ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रासलीला में दर्शाया गया कि महाराज कंस भगवान शिव के अभिषेक के लिए गोकुल की यमुना नदी से एक करोड़ नील कमल मंगवाना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने नंदबाबा के पास संदेश भेजा तथा कमल न भेजने पर श्रीकृष्ण और बलराम को हाथी के पैरों से कुचलवाने की धमकी दी।
यमुना में गरुड़ के भय से कालिया नाग का निवास था और उसके विष के कारण यमुना का जल जहरीला हो गया था। यह जानकर श्रीकृष्ण अपने बाल सखाओं के साथ यमुना तट पर पहुंचे। खेलते समय उन्होंने श्रीदामा की गेंद यमुना में डाल दी और उसे लेने के बहाने स्वयं यमुना में कूद गए। काफी देर तक श्रीकृष्ण के बाहर न आने पर सखा घबराकर नंदबाबा के पास पहुंचे। उधर भगवान श्रीकृष्ण और कालिया नाग के बीच भयंकर युद्ध हुआ। अंततः श्रीकृष्ण कालिया नाग के फनों पर चढ़कर नृत्य करने लगे। कालिया नाग की पत्नियों ने भगवान से उसके प्राणों की रक्षा की प्रार्थना की। भगवान श्रीकृष्ण ने कालिया नाग को यमुना छोड़कर ऐसे स्थान पर जाने का आदेश दिया, जहां उसके विष से किसी को नुकसान न हो। कालिया नाग ने गरुड़ के भय की बात कही तो श्रीकृष्ण ने उसके फन पर अपने चरण चिह्न अंकित कर उसे निर्भय होकर जाने का आशीर्वाद दिया।
इसके बाद कालिया नाग अपने परिवार सहित यमुना को विषमुक्त कर वहां से चला गया। लीला ने यह संदेश दिया कि शक्ति का वास्तविक उद्देश्य किसी को भयभीत करना नहीं, बल्कि लोककल्याण और प्रकृति की रक्षा करना है। भावपूर्ण मंचन देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। अंत में भगवान श्रीकृष्ण की आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर शमशेर वर्मा दिल्ली, महावीर कौशिक, ब्रह्मानंद शर्मा, कर्मवीर डिगलिया, मुकेश सोनी झींगा, बलराम गुप्ता (कानेजर), सुरेश गुप्ता, नरेश मित्तल, मुकेश ठुकराल, वेदपाल जाखड़, रामविलास जांगड़ा सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Read More…
Charkhi Dadri – PG कॉलेज में कई सीटें खाली, एडमिशन की अंतिम तिथि बढ़ी | Charkhi Dadri News
