Charkhi Dadri News – हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा प्रदेश में नंबरदारों और सरबराह नंबरदारों की सभी नई नियुक्तियों पर रोक लगाने तथा नंबरदारों के पद पर बने रहने के लिए अधिकतम 75 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित करने के फैसले का नंबरदार संघ ने कड़ा विरोध जताया है।
नंबरदार एसोसिएशन के प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला चरखी दादरी नंबरदार एसोसिएशन के प्रधान राजेश नंबरदार पैतावास खुर्द ने सरकार के इस फैसले को गांव की व्यवस्था और नंबरदार परंपरा के खिलाफ बताया है। उन्होंने कहा कि नंबरदार गांव की रीढ़ होते हैं और राजस्व, जमीन, गिरदावरी, पहचान, प्रमाणपत्र सहित विभिन्न सरकारी कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
राजेश नंबरदार ने कहा कि नई नियुक्तियों पर रोक लगाने से गांवों में सरकारी कामकाज प्रभावित होगा और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। प्रदेश के कई गांवों में नंबरदार के पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। ऐसे में नई नियुक्तियों पर रोक लगाने से ग्रामीणों को अपने जरूरी कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ेंगे। सरकार को इस रोक को हटाकर खाली पड़े पदों पर जल्द नियुक्तियां करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार ने नंबरदारों के पद पर बने रहने के लिए अधिकतम आयु सीमा 75 वर्ष निर्धारित की है। इसके अलावा 60 और 70 वर्ष की आयु पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा चिकित्सा जांच करवाने का प्रावधान किया गया है, ताकि उनकी शारीरिक क्षमता का आकलन किया जा सके। उन्होंने आयु सीमा पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यदि कोई नंबरदार 75 वर्ष की आयु में भी स्वस्थ है और गांव की सेवा करने में सक्षम है तो उसे पद से हटाना उचित नहीं है। अनुभव की कोई उम्र नहीं होती और नंबरदारों के अनुभव का सम्मान किया जाना चाहिए।
राजेश नंबरदार ने कहा कि नंबरदार ग्रामीण व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। सरकार को उनके मान-सम्मान और अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार अपने आदेश पर पुनर्विचार करे, नई नियुक्तियों पर लगी रोक तुरंत हटाए और नंबरदारों के हित में ठोस फैसला ले।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही नंबरदारों की मांगों पर सुनवाई नहीं की तो नंबरदार संघ आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।
Read More News……
CIA चरखी दादरी ने एक युवक को अवैध देशी पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस See More…
