Charkhi Dadri news – पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहता है। इसी भावना के तहत वीरवार को पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी श्री लोगेश कुमार पी., IPS ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ड्यूटी के दौरान प्राकृतिक कारणों से दिवंगत हुए दो पुलिसकर्मियों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये की बीमा राशि के बैंक चेक प्रदान किए। यह सहायता राशि दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों के लिए आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
चरखी दादरी पुलिस विभाग में तैनात रहे EASI राजेश कुमार एवं EHC सुरेन्द्र का प्राकृतिक कारणों से निधन हो गया था। विभाग द्वारा पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध बीमा योजना के तहत उनके परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। पुलिस अधीक्षक ने दोनों दिवंगत पुलिसकर्मियों की पत्नियों को HDFC बैंक के 20-20 लाख रुपये के बीमा संबंधी चेक सौंपे। इस अवसर पर HDFC बैंक के अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिसकर्मियों के परिवारों की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध विभाग
पुलिस अधीक्षक श्री लोगेश कुमार ने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी के साथ किसी प्रकार की अनहोनी होने पर पुलिस विभाग उसके परिवार को अकेला नहीं छोड़ता, बल्कि हरसंभव सहायता एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहता है।
उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग की बीमा योजना के अंतर्गत असामाजिक तत्वों से लड़ते हुए अथवा प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सार्वजनिक जीवन एवं संपत्ति की रक्षा करते हुए पुलिसकर्मी की मृत्यु होने पर उसकी पत्नी अथवा आश्रित को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसी प्रावधान के तहत दोनों दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को बीमा राशि के चेक प्रदान किए गए।
परिवारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन
पुलिस अधीक्षक ने दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली तथा विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करते हैं और उनके परिवारों की देखभाल एवं सम्मान करना विभाग की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का मनोबल बनाए रखना तथा उनके परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों और उनके परिजनों के हितों के लिए निरंतर संवेदनशीलता के साथ कार्य करता रहेगा।
इस अवसर पर HDFC बैंक के अधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Read More…
चरखी दादरी में लेक्चरर की बड़ी बैठक! क्या हरियाणा के लेक्चरर जाएंगे हड़ताल पर ?
