Charkhi Dadri News – हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 1 नवंबर को बाबा स्वामी दयाल धाम में सर्वजातीय खाप फोगाट व बाबा स्वामी दयाल धाम जनकल्याण समिति की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह में शिक्षा, खेल, प्रशासनिक सेवाओं व अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और युवाओं के साथ वीर शहीदों के परिवारों तथा समाज के वरिष्ठ बुजुर्गों को सम्मानित किया जाएगा। खाप फोगाट के प्रधान सुरेश फोगाट व सचिव कुलदीप फोगाट ने बताया कि समारोह में पिछले एक वर्ष के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
इनमें हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड व केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी, एमबीबीएस, आईआईटी व आईआईएम में दाखिला लेने वाले विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके अलावा भारतीय सिविल सेवा, हरियाणा सिविल सेवा तथा थल सेना, नौसेना व वायुसेना में कमीशन प्राप्त करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की सरकारी खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाडि़यों तथा राष्ट्रपति से सम्मान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को भी समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों व वीर शहीदों की धर्मपत्नियों को उनके त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति योगदान के सम्मान में सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर 2025 से 31 अक्टूबर 2026 के बीच 90 वर्ष की आयु पूरी करने वाले महिला व पुरुष बुजुर्गों को भी सम्मानित किया जाएगा।
खाप फोगाट के सभी गांवों के अलावा गांव फोगाट व झींझर की 36 बिरादरी के पात्र विद्यार्थी और बुजुर्ग इस सम्मान के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान देना, बुजुर्गों का आदर करना और शहीद परिवारों के त्याग को याद रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने के साथ सामाजिक एकता, सम्मान और संस्कारों की भावना को भी मजबूत करते हैं।
Read More….
चरखी दादरी की 13 वर्षीय बच्ची को महामंडलेश्वर बनाने की तैयारी, गुरु से सुनिए पूरी कहानी
