Charkhi Dadri News – विश्वकर्मा समाज जनकल्याण सेवा समिति गांव बलकरा की ओर से जांगड़ा समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगामी 15 नवंबर 2026 को सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह की तैयारियों एवं रूपरेखा निर्धारित करने को लेकर 8 नवंबर को सुबह 9 बजे काठ मंडी स्थित विश्वकर्मा धर्मशाला परिसर में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता समिति के जिला प्रधान एवं पूर्व सब इंस्पेक्टर प्रेम सिंह जांगड़ा करेंगे,
जबकि संचालन जिला सचिव दयाराम इमलोटा द्वारा किया जाएगा। बैठक में सम्मान समारोह की व्यवस्थाओं, आयोजन की रूपरेखा तथा समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। इस अवसर पर दीपावली मिलन समारोह का भी आयोजन होगा, जिसमें समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सौहार्द का संदेश साझा करेंगे।
समिति प्रधान बलबीर जांगड़ा ने जिले के सभी ब्लॉक प्रधानों, युवा प्रधानों एवं कार्यकारिणी के सदस्यों से आह्वान किया है कि वे 8 नवंबर को सुबह 9 बजे बैठक में समय पर पहुंचकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव एवं विचार रखें तथा दीपावली मिलन समारोह में भागीदारी निभाकर आयोजन की शोभा बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि समाज की शैक्षणिक एवं खेल प्रतिभाओं को सम्मानित करना केवल उनका उत्साहवर्धन करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को शिक्षा, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने की सकारात्मक पहल है। ऐसे आयोजन समाज में प्रतिभाओं को उचित पहचान देने के साथ-साथ एकजुटता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं।
Read More….
चरखी दादरी : गड्ढों में सड़क या सड़क में गड्ढे ? परशुराम चौक से न्यायालय तक गड्ढों का राज
