Charkhi Dadri News – झज्जर जिले के राजकीय महाविद्यालय, बहु के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार भारद्वाज आज अपनी दीर्घकालीन एवं गौरवपूर्ण सेवाओं के उपरांत सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार की ओर से उनके सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उनके पारिवारिक सदस्यों सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. भारद्वाज के साथी डॉ. नरेश कानौजिया वेटरनरी सर्जन, संजीव कुमार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ढाणा लाडनपुर, उनकी माताजी, धर्मपत्नी सुनीता, पुत्री, पुत्र एवं अन्य पारिवारिक सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डॉ. जितेंद्र कुमार भारद्वाज ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि राजकीय महाविद्यालय, बहु में कार्य करना उनके लिए सदैव गर्व और आत्मसंतोष का विषय रहा है। उन्होंने कहा कि अपने सेवाकाल के दौरान उन्हें महाविद्यालय के प्राध्यापकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का भरपूर सहयोग और स्नेह प्राप्त हुआ। किसी भी संस्थान की प्रगति सामूहिक प्रयासों, आपसी विश्वास और समर्पण से ही संभव होती है।
उन्होंने महाविद्यालय से जुड़ी विभिन्न स्मृतियों को साझा करते हुए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी महाविद्यालय और यहां से जुड़े लोगों के साथ उनका आत्मीय संबंध सदैव बना रहेगा। अंत में उन्होंने महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की। महाविद्यालय का प्रशासनिक प्रभार वाणिज्य विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मोहन कुमार को सौंपा गया।
इस अवसर पर डॉ. मोहन कुमार ने कहा कि डॉ. जितेंद्र कुमार भारद्वाज का कार्यकाल महाविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण अध्याय रहा है। उन्होंने अपने कुशल नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता, अनुशासन एवं दूरदर्शिता से महाविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका अनुभव, मार्गदर्शन एवं कार्यशैली सदैव महाविद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। अर्थशास्त्र के प्राध्यापक डॉ. सुनील कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. भारद्वाज एक कर्मठ, अनुशासित एवं सहयोगी व्यक्तित्व के धनी हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में सभी सहयोगियों को साथ लेकर चलने की भावना के साथ कार्य किया।
उनके साथ कार्य करने के अनुभव सदैव स्मरणीय रहेंगे। हिंदी के प्राध्यापक डॉ. सुखवीर सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी व्यक्ति की कार्ययात्रा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय का शुभारंभ है। डॉ. भारद्वाज ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ किया। उनका सरल स्वभाव, सकारात्मक दृष्टिकोण और आत्मीय व्यवहार सभी के लिए यादगार रहेगा। समारोह के दौरान उपस्थित पारिवारिक सदस्यों एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने डॉ. भारद्वाज के साथ अपने अनुभव साझा किए तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं खुशहाल भविष्य की कामना की। मंच संचालन डॉ. रविन्द्र सिंह ने किया।
अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने डॉ. जितेंद्र कुमार भारद्वाज को सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं देते हुए उनके आगामी जीवन के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित की। इस अवसर पर कुलबीर सिंह, डॉ रीना, डॉ पंकज, पूजा शर्मा, नरेंद्र कुमार, सुनील कलकल, डॉ सुचित्रा, मोनिका, रेखा बाई व महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
Read More…
झोझू कला में हरियाणा दिवस की धूम! Genius Mother’s Pride के बच्चों ने बिखेरे संस्कृति के रंग
