Charkhi Dadri News – पुलिस अधीक्षक श्री लोगेश कुमार पी. (IPS) के कुशल मार्गदर्शन एवं विशेष दिशा-निर्देशों के तहत चरखी दादरी पुलिस द्वारा युवाओं को सामाजिक बुराइयों से दूर रखने, कानून-व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास मजबूत करने तथा एक सुरक्षित व सशक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से सोमवार को चरखी दादरी पुलिस की एंटी नार्कोटिक सेल के इंचार्ज उप निरीक्षक नरेंद्र व एएसआई राहुल फौगाट ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रावलधी और सुखोई अकादमी, खेड़ी बत्तर में पहुंचकर छात्रों को नशे के दुष्परिणामों, मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की सफल कार्रवाइयों, आपातकालीन सेवाओं, साइबर सुरक्षा और महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
Charkhi Dadri News – कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एंटी नार्कोटिक सेल इंचार्ज उप निरीक्षक नरेंद्र ने छात्रों को विस्तार से बताया कि नशा दीमक की तरह युवा पीढ़ी को अंदर से खोखला कर रहा है। उन्होंने कहा किशोरावस्था और युवावस्था जीवन का सबसे अहम पड़ाव होती है, जिसमें गलत संगत या क्षणिक आकर्षण के कारण युवा नशे की दलदल में फंस जाते हैं। नशा न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को तबाह करता है, बल्कि परिवार के सपनों को भी चकनाचूर कर देता है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया कि वे खेलकूद, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी रुचि बढ़ाएं। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने एंटी नार्कोटिक सेल द्वारा जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियानों और नशा तस्करों पर नकेल कसने के दौरान मिली बड़ी सफलताओं का जिक्र करते हुए स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Charkhi Dadri News – बदलते दौर की तकनीकी चुनौतियों पर बात करते हुए एएसआई राहुल फौगाट ने साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, डिजिटल अरेस्ट, वित्तीय घोटालों और अज्ञात लिंक या कॉल्स से सावधान रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जरा सी जागरूकता और सतर्कता से ही साइबर ठगों के मंसूबों को नाकाम किया जा सकता है। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए छात्रों को ‘डायल 112’ सेवा के महत्व के बारे में बताया गया और समझाया गया कि किसी भी दुर्घटना, आपातकाल या संकट के समय यह सेवा तुरंत पुलिस सहायता सुनिश्चित करती है।
Charkhi Dadri News – महिला एवं बाल अपराधों के संबंध में चर्चा करते हुए पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, पोक्सो एक्ट और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना बिना किसी डर के तुरंत पुलिस को दें।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम ने युवाओं को एक जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई और देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
Read more….
चरखी दादरी में किसान आंदोलन का ऐलान ! दिल्ली घेराव की तैयारी, PM के जन्मदिन पर दीपक जलाने से नाराज
Charkhi Dadri News -कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता: एडवोकेट रामकिशन शर्मा

