Charkhi Dadri News – जिला पुलिस अधीक्षक श्री लोगेश कुमार पी. (भा.पु.से.) के कुशल दिशा-निर्देशानुसार शुक्रवार को महिला थाना चरखी दादरी के प्रांगण में स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य तथा समग्र कल्याण को प्राथमिकता देना था, ताकि कठिन डयूटी के बीच उनके स्वास्थ्य का उचित ध्यान रखा जा सके।
इस स्वास्थ्य शिविर में नई दिल्ली के द्वारका स्थित प्रसिद्ध वेंकेटेश्वर हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आयुष और उनकी विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने विशेष रूप से उपस्थित रहकर अपनी सेवाएं दीं। शिविर के दौरान डॉ. आयुष एवं उनकी टीम द्वारा पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य की गहन एवं नि:शुल्क जांच की गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वर्तमान समय में आम होती जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों, तनाव प्रबंधन, जोड़ों के दर्द, पाचन तंत्र संबंधी समस्याओं और अन्य मौसमी बीमारियों पर विस्तृत परामर्श दिया। इसके साथ ही, पुलिसकर्मियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और मानसिक तनाव से बचने के लिए उपाय भी बताए गए। इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाते हुए करीब 60 पुलिसकर्मियों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई और चिकित्सकों से आवश्यक चिकित्सीय सलाह ली।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि पुलिस बल के जवान अक्सर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों, विषम मौसम और लंबे समय तक ड्यूटी पर रहने के कारण अपनी व्यक्तिगत सेहत की अनदेखी कर बैठते हैं। खानपान की अनियमितता और लगातार बढ़ते काम के दबाव के कारण उनमें कई बार शारीरिक और मानसिक थकान जैसी समस्याएं घर कर जाती हैं। ऐसे में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर पुलिसकर्मियों के शारीरिक और मानसिक संबल को मजबूत करने के लिए बेहद आवश्यक और सराहनीय कदम साबित होते हैं।
Read More….
Charkhi Dadri News – गरीबों पर नगर परिषद की गाज, रसूखदारों पर मेहरबानी क्यों? | जनता ने उठाए सवाल
