Charkhi Dadri News – हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा एवं स्कूल टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की जिला कार्यकारिणी की बैठक सर्व कर्मचारी संघ कार्यालय में जिला वरिष्ठ प्रधान किरण बाला की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में राज्य प्रधान प्रभु सिंह विशेष रूप से उपस्थित हुए। यह जानकारी देते हुए जिला सचिव कृष्ण सिंह शास्त्री ने बताया कि मीटिंग में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए सभी साथियों ने अपने विचार रखें।
उन्होंने बताया कि हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ द्वारा तीनों खंडों में सदस्यता अभियान चलाते हुए सरकार की जन शिक्षा विरोधी नीतियों का पर्दाफाश किया जाएगा। जिला कोषाध्यक्ष प्राचार्य रविंद्र कुमार ने कहा कि अध्यापकों के लंबित मामलों को हल करवाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों से नियमित बैठकें की जाएं। बाढ़ड़ा खंड प्रधान विजेंद्र कुमार ने कहा कि शिक्षकों के एसीपी मामलों में बार-बार ऑब्जेक्शन लगाकर परेशान किया जाता है।
राज्य कमेटी के सदस्य रामपाल रामबास ने बताया कि जल्दी ही शिक्षा अधिकारियों से मीटिंग करके शिक्षकों के एसीपी, एलटीसी, मेडिकल प्रतिपूर्ति व एक्सग्रेसिया बजट आदि विषयों पर चर्चा करके हल करवाया जाएगा। राज्य प्रधान प्रभु सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर 12 दिसंबर को रामलीला मैदान नई दिल्ली में की जा रही रैली में अध्यापक संघ बढ़-चढ़कर भाग लेगा। क्योंकि इस रैली में टेट की अनिवार्यता व जनशिक्षा, शिक्षक-शिक्षार्थी विरोधी तथा निजीकरण का पोषण करने वाली नई शिक्षा नीति प्रमुख मुद्दे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि निदेशालय पर लंबित मामलों को जल्द ही अध्यापक संघ के साथ बातचीत करके हल नहीं किया जाता है तो आगामी जनवरी महीने में अध्यापक संघ निदेशालय पर विरोध प्रदर्शन करते हुए आंदोलन को और तेज करेगा। बैठक में सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान यशपाल सांगवान, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला सह सचिव मुख्य अध्यापक धर्मेंद्र सिंह, संगठन सचिव योगेश जांगड़ा व खंड दादरी के प्रधान अनिल फौगाट ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ की राज्य सचिव सुनीता धवन, खंड बौंद कलां प्रधान तनवीर, सचिव राजेश फौगाट, जगबीर सिंह, कोषाध्यक्ष विजेंद्र शास्त्री सहित पूरी जिला कार्यकारिणी मौजूद थी।
Read More….
