Charkhi Dadri News – जिले के गांव सांजरवास-बौंद के मध्य गांव सांवड़ स्थित दादी सती राणी मंदिर का पांचवां स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
दिल्ली से पहुंचीं भजन गायिका मधु अग्रवाल ने दादी सती राणी की महिमा का गुणगान करते हुए सुंदर-सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मधु अग्रवाल ने दादी सती राणी की कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था, समर्पण और संस्कारों का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के आयोजक एवं संयोजक प्रधान जोगी राम अग्रवाल व गौरी शंकर सांवडि़या ने बताया कि मंदिर का स्थापना दिवस प्रत्येक वर्ष 26 अक्टूबर को मनाया जाता है।
इस वर्ष मंदिर स्थापना के पांच वर्ष पूरे होने पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि हर वर्ष भाद्रपद मास की अमावस्या को दादी सती राणी के नाम पर भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचकर माता के समक्ष शीश नवाते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
दादी सती राणी के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सती परंपरा से जुड़ी देवियों की पूजा श्रद्धा, त्याग, निष्ठा और पारिवारिक संस्कारों के प्रतीक के रूप में की जाती है। श्रद्धालु मंदिर में पहुंचकर परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करते हैं।
ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सांस्कृतिक परंपराओं और सामूहिक सहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं। इस अवसर पर हरिकिशन, अर्जन सेठ, पवन सेठ, सज्जन सेठ, शंकर सेठ, अशोक सेठ, प्रदीप सिंगला, रामअवतार, सुरेश सिंगला, ज्ञानदेव, आशु सिंगला, अनिल सिंगला, ईश्वर अग्रवाल सहित सिंगला परिवार के अनेक सदस्य व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Read more….
