Charkhi Dadri News – पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी., IPS के निर्देशन में भगोड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चरखी दादरी CIA-II की टीम ने नकली सोना असली बताकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में 14 वर्षों से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 28 जुलाई 2009 को गांव पिचोपा कलां के तत्कालीन सरपंच सुंदरलाल ने थाना बाढड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया था कि आरोपी इसराईल तथा ईशा निवासी नखरोला, जिला पलवल ने उन्हें और गुनेश खान को करीब 900 ग्राम वजन की नकली सोने की ईंट असली बताकर 2,50,000 रुपये में बेची थी।
आरोपी जब दोबारा 30 लाख रुपये की नकली सोने की ईंट का सौदा करने पहुंचे, तो शिकायतकर्ता व अन्य ग्रामीणों ने उन्हें मौके पर ही पहचान कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया था।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान आरोपियों के कब्जे से 605 ग्राम और 815 ग्राम वजन की नकली सोने की ईंटें बरामद की गई थीं। ज़मानत मिलने के बाद आरोपी इसराईल अदालत की तारीखों पर गैरहाजिर रहने लगा, जिस पर माननीय अदालत ने 6 दिसंबर 2012 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
वीरवार को अपराध शाखा-2 की टीम ने उद्घोषित अपराधी इसराईल को गिरफ्तार किया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी किये ।
Read More….
