Charkhi Dadri News – राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का 57वां स्थापना दिवस जिलेभर में ‘नशामुक्त युवा, जागरूक युवा’ के संदेश के साथ मनाया गया। जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र चौधरी के मार्गदर्शन में जिले की सभी एनएसएस इकाइयों ने नशामुक्ति जागरूकता के साथ विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया।
जिला कार्यक्रम संयोजक एवं प्राचार्य डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि एनएसएस स्थापना दिवस युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस अवसर पर स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना, इसके उद्देश्यों एवं समाज में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि उपायुक्त महोदया के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले के युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में स्थापना दिवस पर जिले की सभी एनएसएस इकाइयों में नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
करीब 3000 लोगों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 3000 विद्यार्थियों, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया और नशे से दूर रहने तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
रैली, पेंटिंग और स्वच्छता अभियान से दिया संदेश
स्थापना दिवस पर विभिन्न एनएसएस इकाइयों द्वारा जागरूकता रैली, पेंटिंग प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान एवं भाषण प्रतियोगिता सहित अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं। स्वयंसेवकों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक किया तथा सामाजिक आवश्यकताओं एवं स्थानीय समस्याओं से जुड़े विषयों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
डीईओ धर्मेन्द्र चौधरी ने कहा—
“नशे के खिलाफ जागरूकता निरंतर चलने वाला सामाजिक दायित्व है। युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्हें नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। विद्यार्थियों को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।”
Read More…
