Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri – SP Logesh Kumar का बड़ा एक्शन | पीओ, बेल जम्पर, नशा तस्करों पर चलेगा विशेष अभियान

Charkhi Dadri – एसपी लोगेश कुमार ने सीआईए व स्पेशल स्टाफ की बैठक में दिए निर्देश, पीओ, बेल जम्पर, अवैध हथियार एवं नशा तस्करों के खिलाफ चलाएं विशेष अभियान
पुलिस महानिदेशक, हरियाणा के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ट्रेक डाउन’ को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी श्री लोगेश कुमार ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में सीआईए एवं स्पेशल स्टाफ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री धीरज कुमार, सीआईए एवं स्पेशल स्टाफ के कर्मचारी, पुलिस प्रवाचक, पुलिस प्रवक्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध हथियारों की बरामदगी, मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा उद्घोषित अपराधियों (पीओ) एवं बेल जम्परों की गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी पुलिस इकाइयों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ‘ऑपरेशन ट्रेक डाउन’ हरियाणा पुलिस का एक विशेष अभियान है, जिसका उद्देश्य लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों, उद्घोषित अपराधियों (पीओ), बेल जम्परों, वारंटियों एवं कानून से बचने का प्रयास कर रहे अपराधियों का पता लगाकर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करना है। इसके साथ ही अभियान के दौरान ऐसे अपराधियों के नेटवर्क, उनके ठिकानों तथा सहयोगियों की भी जानकारी जुटाकर प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिस टीम अपने क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखे तथा सूचना तंत्र को मजबूत बनाकर त्वरित कार्रवाई करे।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राष्ट्रीय पर्व के दौरान शांति, कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित जांच की जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि ऐसे अपराध समाज और विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों तथा संगठित अपराध से जुड़े व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर अधिक से अधिक गिरफ्तारी एवं बरामदगी सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीओ एवं बेल जम्परों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें सक्रिय रहकर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करें।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री धीरज कुमार ने भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे टीम भावना, अनुशासन एवं पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना और अपराधियों में कानून का भय कायम रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक श्री लोगेश कुमार ने कहा कि चरखी दादरी पुलिस अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए ऑपरेशन ट्रेक डाउन को सफल बनाएं और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

Read More…

Charkhi Dadri News : सनशाइन प्ले स्कूल में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार | पुलिस ने किया खुलासा

झोझू कलां में घर में खुलकर महिला और उसकी बेटी का गला दबा करके #CharkhiDadri

Popular Articles