Charkhi Dadri News – स्वर्गीय मास्टर धर्मेंद्र फोगाट की नौवीं पुण्यतिथि के अवसर पर मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन द्वारा गांव कमोद एवं गांव झिंझर में दो निःशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र जांच शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना तथा नेत्र रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मास्टर प्रेम प्रकाश एवं हरेंद्र ने की। बलबीर सिंह एवं हरि प्रकाश यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने स्वर्गीय मास्टर धर्मेंद्र फोगाट को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा संगठन द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों की सराहना की।
मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन द्वारा आयोजित इन शिविरों में गांव कमोद में 2244वां सेवा शिविर तथा गांव झिंझर में 2245वां सेवा शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर अनिल, प्रकाश, उत्तम, जोरा, विनीत यादव एवं प्रकाश गोगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
शिविरों में गीतांजलि हॉस्पिटल एवं आई क्यू हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। डॉक्टर संतोष एवं डॉक्टर ममता सहित चिकित्सा टीम ने मरीजों की आंखों की जांच की, आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। शिविर के दौरान कुल 198 लोगों के नेत्र ऑपरेशन किए गए तथा 28 लोगों की आंखों की जांच की गई। मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सलाह एवं दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन के डॉ. अनिल साहू ने कहा कि स्वर्गीय मास्टर धर्मेंद्र फोगाट एक सच्चे समाजसेवी एवं आदर्श शिक्षक थे। उन्होंने अपना जीवन समाज सेवा और बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए समर्पित किया। वे बच्चों को पूरे समर्पण, मेहनत और ईमानदारी के साथ शिक्षा प्रदान करते थे। उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहा है।
डॉ. अनिल साहू ने कहा कि स्वर्गीय मास्टर धर्मेंद्र फोगाट जैसे महान व्यक्तित्व को उनकी नौवीं पुण्यतिथि पर निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से श्रद्धांजलि देना संगठन के लिए गर्व की बात है। उनके सेवा भाव, सरल स्वभाव और शिक्षा के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वर्गीय मास्टर धर्मेंद्र फोगाट की पुण्यतिथि पर आयोजित ये सेवा शिविर उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि हैं। संगठन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा मानवता की सेवा करना है।
मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन भविष्य में भी इसी प्रकार निःशुल्क चिकित्सा शिविर, नेत्र जांच शिविर, रक्तदान शिविर एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
Read More News……
चरखी दादरी में दिनदहाड़े चोरी की खबर निकली झूठी! पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुआ बड़ा खुलासा
