Charkhi Dadri News – गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग अब जन अभियान का रूप लेती जा रही है। इसी उद्देश्य से सनातन धर्म प्रचार समिति, गौ रक्षा सेवा दल एवं गौ भक्तों द्वारा जिला मुख्यालय पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर सामाजिक, धार्मिक संगठनों, प्रतिष्ठानों और जनप्रतिनिधियों का समर्थन जुटाया जा रहा है।
रोहतास पुजारी के माध्यम से संचालित इस अभियान के तहत नंदीशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी गौ भक्तों ने पहुंचकर हस्ताक्षर किए और गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने की मांग का समर्थन किया।
रोहतास पुजारी ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। भारतीय संस्कृति में गाय को सदैव माता का स्थान दिया गया है। गौ माता केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि कृषि, पर्यावरण, मानव जीवन और सेवा भावना से भी गहराई से जुड़ी हुई हैं। गौ सेवा हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है, ताकि यह मांग जनभावना के रूप में सरकार तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर 2026 को चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले संत सम्मेलन का निमंत्रण भी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों को दिया जा रहा है।
जिला मुख्यालय पर एकत्रित किए जा रहे हस्ताक्षर पत्र जूना अखाड़ा के हरियाणा प्रभारी एवं थानापति बाबा विकास गिरी महाराज के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्यपाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा महामहिम राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे। अभियान को स्कूलों, कॉलेजों, ग्रामीण क्षेत्रों, शहर के वार्डों और सामाजिक एवं धार्मिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचाने की योजना है।
अभियान को समर्थन देते हुए विधायक सुनील सतपाल सांगवान, डॉ. सोनू सांगवान, सत्यव्रत सांगवान, पूर्व पार्षद प्रवीण सैनी, पार्षद नवीन प्रजापति, कुलदीप सैनी, विनोद सिगमार, नवीन बिंदल, पूर्व चेयरमैन मोतीराम बिंदल, मोहनलाल मकड़ानिया, सुनील इंजीनियर, रितु गोयल, विद्या जाखड़, सतीश बजाज, श्याम सुंदर चाबा, रामदयाल पाहवा, मुकेश सोनी एवं भाजपा महामंत्री रविंद्र शिलगर सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने हस्ताक्षर किए।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि गौ माता के प्रति श्रद्धा केवल धार्मिक भावनाओं तक सीमित न रहे, बल्कि गौ संरक्षण, संवर्धन और सेवा के रूप में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने हरियाणा सरकार से मांग की कि महाराष्ट्र की तर्ज पर गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की पहल करते हुए केंद्र सरकार के समक्ष इस विषय को प्रभावी ढंग से उठाया जाए।
Read More News…..
चरखी दादरी में दिनदहाड़े चोरी की खबर निकली झूठी! पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुआ बड़ा खुलासा
